सीमा पर बढ़ता तनाव: अफगानिस्तान में पाकिस्तानी हमले, 9 बच्चों समेत 10 की मौत

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। एक ओर दोनों देशों के बीच शांति समझौते पर बातचीत जारी है, वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान की ओर से अफगान नागरिकों पर हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे। सोमवार देर रात पाकिस्तान की सेना ने अफगानिस्तान के अंदर घुसकर बमबारी की, जिसमें कई निर्दोष लोग मारे गए।
अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बताया कि खोस्त प्रांत के गोरबुज जिले के मुगलगई इलाके में रात करीब 12 बजे पाकिस्तानी सैन्य बलों ने एक घर पर हमला किया। इस हमले में एक स्थानीय नागरिक वलीयत खान की मौत हो गई। साथ ही पांच लड़के और चार लड़कियों सहित कुल नौ बच्चों की जान चली गई। अफगान सरकार ने इस घटना की कड़ी निंदा की है।
जबीहुल्लाह मुजाहिद ने यह भी दावा किया कि पाकिस्तान ने कुनार और पक्तिका इलाकों में भी हवाई हमले किए हैं, जिनमें चार नागरिक घायल हुए हैं। घटनाओं के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
अफगानिस्तान में अमेरिका के पूर्व राजदूत जालमे खलीलजाद ने इन हमलों पर दुख जताया और कहा कि नागरिकों की हत्या से हालात और बिगड़ेंगे। उन्होंने कहा कि बड़े युद्ध का जोखिम उठाना न तो पाकिस्तान के हित में है और न ही अफगानिस्तान के। इसके बजाय धैर्य और कूटनीति के रास्ते पर चलना ही सबसे बेहतर विकल्प है।
जालमे खलीलजाद ने जानकारी दी कि ऐसी रिपोर्टें हैं कि तुर्किए का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही इस्लामाबाद और काबुल का दौरा करेगा, ताकि दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के प्रयास किए जा सकें। उन्होंने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि समझौते के बाद अंकारा में एक निगरानी केंद्र बनाया जा सकता है, जहाँ तुर्किए, कतर, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के अधिकारी मिलकर हालात पर नजर रखेंगे और किसी भी उल्लंघन की स्थिति में तुरंत समाधान की दिशा में काम करेंगे।





