श्रद्धा कपूर के भाई सिद्धांत कपूर को ANC का समन, ड्रग पार्टी मामले में जांच तेज़

मुंबई पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) ने कथित हाई-प्रोफाइल ड्रग पार्टी नेटवर्क की जांच को तेज़ करते हुए बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर के भाई सिद्धांत कपूर और सोशल मीडिया पर्सनैलिटी ओरहान अवात्रमणी उर्फ़ ओरी को नए समन जारी किए हैं। सिद्धांत कपूर को 25 नवंबर को पेश होने के लिए कहा गया है। वहीं ओरी, जो 20 नवंबर को पूछताछ में शामिल नहीं हुए थे, अब उन्हें 26 नवंबर को ANC के सामने हाजिर होने का निर्देश दिया गया है। ओरी की टीम ने पुलिस को बताया था कि वह मुंबई से बाहर हैं और पूछताछ के लिए अधिक समय की मांग की थी।
ये कार्रवाई उस समय तेज़ हुई जब हाल ही में गिरफ्तार किए गए ड्रग तस्कर मोहम्मद सलीम मोहम्मद सुहैल शेख ने अदालत में बड़े दावे किए। शेख ने बताया कि वह कई हाई-प्रोफाइल पार्टियाँ आयोजित करता था, जिनमें बॉलीवुड और मनोरंजन जगत की कई मशहूर हस्तियाँ शामिल होती थीं। शेख ने जिन लोगों के नाम लिए, उनमें नोरा फतेही, श्रद्धा कपूर, सिद्धांत कपूर, ओरी, फिल्ममेकर अब्बास–मस्तान और रैपर लोका शामिल हैं।
जांचकर्ताओं का मानना है कि यह मामला दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क से जुड़े एक बड़े ड्रग तस्करी गिरोह से संबंधित हो सकता है। शेख को फरार ड्रग डीलर सलीम डोला का करीबी बताया जा रहा है, जो इस गिरोह का अहम सदस्य माना जाता है। ANC फिलहाल इन सभी दावों की जांच कर रही है।





