गिल की हालत में सुधार, लेकिन खेलने की इजाज़त नहीं; टीम मैनेजमेंट ने दी जानकारी

भारत के कप्तान शुभमन गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ के दूसरे मुकाबले से बाहर हो गए हैं। ईडन गार्डन्स, कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान गिल को गर्दन में खिंचाव की समस्या हुई थी। इसके बाद वह गुवाहाटी पहुंचे थे ताकि अपनी फिटनेस साबित कर सकें, लेकिन आखिरकार वह पूरी तरह फिट नहीं पाए। बीसीसीआई ने शुक्रवार को आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि गिल को टीम से रिलीज़ कर दिया गया है और अब वह आगे की जांच और आराम के लिए मुंबई रवाना हो चुके हैं।
🚨 Update 🚨#TeamIndia captain Shubman Gill, who suffered a neck injury during the first Test against South Africa, has been ruled out of the second Test in Guwahati.
Rishabh Pant will lead the team in the 2nd Test in his absence.
Details 🔽 | #INDvSA | @IDFCFIRSTBank…
— BCCI (@BCCI) November 21, 2025
गिल को पहले टेस्ट के दूसरे दिन चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में जांच के लिए ले जाया गया था और अगले दिन डिस्चार्ज कर दिया गया। गुवाहाटी में फिटनेस टेस्ट देने के बावजूद वह इस टेस्ट में खेलने की स्थिति में नहीं थे। उनकी गैरमौजूदगी में ऋषभ पंत भारतीय टीम की कप्तानी संभालेंगे, क्योंकि यह मैच भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और टीम यहां जीतकर सीरीज़ को 1-1 से बराबर करना चाहेगी।
दूसरे टेस्ट से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऋषभ पंत ने बताया कि शुभमन गिल मैच खेलने के लिए काफी उत्साहित थे और उन्होंने टीम के लिए खुद को तैयार करने की पूरी कोशिश की। पंत के अनुसार, गिल का जज़्बा कम नहीं हुआ था, लेकिन उनकी बॉडी उन्हें खेलने की अनुमति नहीं दे रही थी। टीम प्रबंधन ने उनके स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उन्हें आराम देने का फैसला किया। पंत ने यह भी बताया कि गिल की जगह कौन शामिल होगा, इस पर टीम ने लगभग फैसला कर लिया है।
पहले टेस्ट में शुभमन गिल केवल तीन गेंद ही खेल पाए थे। साइमन हार्मर की गेंद पर स्वीप शॉट खेलने के बाद उन्होंने गर्दन में तेज दर्द महसूस किया और मैदान से बाहर चले गए। वह दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने नहीं आए, जिसके बाद भारत 124 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 30 रन से मुकाबला हार गया था। चोट के बाद गिल को अस्पताल ले जाया गया और फिर वह अलग कार से गुवाहाटी पहुंचे थे, लेकिन फिटनेस उम्मीद के अनुसार नहीं रही।
इसी बीच, ऑलराउंडर नितिश कुमार रेड्डी को फिर से टीम से जोड़ा गया है, जिन्हें पहले टेस्ट से पहले स्क्वाड से रिलीज़ किया गया था। गिल के बाहर होने के कारण अब यह संभावना है कि युवा बल्लेबाज़ ध्रुव जुरेल को नंबर 4 पर भेजा जा सकता है। शुभमन गिल का वर्कलोड पिछले कुछ महीनों में बहुत ज्यादा रहा है, क्योंकि वह फरवरी में हुए चैंपियंस ट्रॉफी से लगातार क्रिकेट खेलते आ रहे हैं।
अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि शुभमन गिल 30 नवंबर से रांची में शुरू होने वाली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज़ में खेल पाएंगे या नहीं। उनकी उपलब्धता उनके रिकवरी को देखकर ही तय की जाएगी।





