एनआईए ने अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से डिपोर्ट होने के बाद किया गिरफ्तार

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई और उसके करीबी सहयोगी अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से डिपोर्ट होकर भारत लौटते ही गिरफ्तार कर लिया। अमेरिकी अधिकारियों ने मंगलवार को अनमोल को भारत भेजा था, जिसके बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर एनआईए ने उसे हिरासत में ले लिया।
अधिकारियों के अनुसार, अनमोल बिश्नोई राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी है और उसके खिलाफ कई राज्यों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। एनआईए की जांच में यह भी सामने आया कि 2020 से 2023 के बीच उसने नामित आतंकवादी गोल्डी बरार और लॉरेंस बिश्नोई की भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने में सक्रिय भूमिका निभाई। इसी आधार पर मार्च 2023 में एनआईए ने उसके खिलाफ आरोपपत्र दायर किया था।
जांच एजेंसी का कहना है कि अनमोल विदेश में बैठकर बिश्नोई गैंग के लिए आतंकवादी सिंडिकेट चला रहा था। उसने गिरोह के शूटरों और स्थानीय गुर्गों को आश्रय, संसाधन और लॉजिस्टिक सहायता प्रदान की। वह विदेश से अन्य गैंगस्टरों की मदद से भारत में जबरन वसूली और अन्य आपराधिक गतिविधियों को भी संचालित करता था।
एनआईए आतंकवादियों, गैंगस्टरों और हथियार तस्करों के गठजोड़ को खत्म करने के तहत आरसी 39/2022/एनआईए/डीएलआई (लॉरेंस बिश्नोई-नेतृत्व वाले आतंकी-गैंगस्टर षड्यंत्र) मामले की जांच जारी रखे हुए है। मृत नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को भी अमेरिकी अधिकारियों की ओर से ईमेल भेजा गया है। इसमें उन्हें अनमोल के भारत डिपोर्ट होने की जानकारी दी गई। जीशान के अनुसार, पीड़ित परिवार होने के नाते उनका ईमेल अमेरिकी एजेंसियों के पास पंजीकृत है, ताकि हर अपडेट उन्हें मिल सके।
बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई के बांद्रा स्थित कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मुंबई पुलिस अब तक 26 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। चार्जशीट में अनमोल को ‘मुख्य साजिशकर्ता’ बताया गया है। जांच में जब्त कई ऑडियो क्लिप्स में उसकी आवाज संदिग्धों के फोन से बरामद रिकॉर्डिंग से मेल खाती पाई गई है।
जांच एजेंसियों का दावा है कि अनमोल ने विदेश में रहते हुए पूरी हत्या की योजना को नियंत्रित किया और सहयोगियों को निर्देश जारी किए। यही सबूत चार्जशीट का हिस्सा बनाए गए हैं, जिन्हें मामले में अहम माना जा रहा है।





