भारत

उत्तराखंड की रजत जयंती पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, 8260 करोड़ की योजनाओं की सौगात

उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर शनिवार को राजधानी देहरादून में भव्य रजत जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष रूप से उत्तराखंड पहुंचे और राज्य की जनता को 8260 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी।

पीएम मोदी ने इस मौके पर एक स्मारक डाक टिकट जारी किया और अपने संबोधन की शुरुआत गढ़वाली भाषा में करते हुए कहा, “दीदी भुल्यों… दाणा सयाणों, आप सभी तैं म्यार नमस्कार।” उनके गढ़वाली संबोधन ने वहां मौजूद लोगों में जोश और उत्साह भर दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर का यह दिन उत्तराखंड की लंबी तपस्या का परिणाम है। यह दिन हर उस व्यक्ति के लिए गर्व का क्षण है, जिसने राज्य आंदोलन में योगदान दिया था। उन्होंने कहा कि “उत्तराखंड की देवतुल्य जनता ने जो सपना देखा था, वह अटल जी की सरकार में 25 साल पहले साकार हुआ था।”

पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि आज उत्तराखंड नई ऊंचाइयों को छू रहा है और यह देखकर हर आंदोलनकारी का हृदय गर्व से भर जाता है। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन की सरकार उत्तराखंड के सामर्थ्य को नई ऊंचाई देने के लिए समर्पित है।” प्रधानमंत्री ने राज्य आंदोलन के दौरान बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

प्रधानमंत्री ने 8140 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। ये योजनाएं पेयजल, सिंचाई, तकनीकी शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास जैसे कई प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी हैं। साथ ही उन्होंने 28,000 किसानों के खातों में फसल बीमा योजना के तहत 62 करोड़ रुपये की राशि भी जारी की।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का यह दशक “उत्कर्ष का कालखंड” है। उन्होंने बताया कि राज्य का बजट 25 साल पहले जहां 4000 करोड़ रुपये था, वहीं आज यह एक लाख करोड़ रुपये को पार कर चुका है। बिजली उत्पादन चार गुना बढ़ गया है और सड़कों की लंबाई दोगुनी हो चुकी है। उन्होंने कहा, “पहले छह महीने में 4000 यात्री हवाई जहाज से आते थे, आज एक दिन में इतने से ज्यादा लोग आते हैं।”


पीएम मोदी ने उत्तराखंड सरकार द्वारा शुरू की जा रही नई योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अब सेब और कीवी के किसानों को डिजिटल अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और खेल से जुड़े ये प्रोजेक्ट राज्य के विकास की रफ्तार को और तेज करेंगे।” प्रधानमंत्री ने रजत जयंती पर लगाई गई विशेष प्रदर्शनी का भी उल्लेख किया और लोगों से इसे देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि “इस प्रदर्शनी में उत्तराखंड की सफलता की पूरी गाथा दर्ज है।”

अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी बार-बार गढ़वाली में संवाद करते रहे और कहा कि उत्तराखंड न केवल देवभूमि है बल्कि भारत के आध्यात्मिक जीवन की धड़कन भी है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button