भारतीय वायुसेना ने मनाई 93वीं वर्षगांठ, गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र के ऊपर हुआ भव्य एयर शो

भारतीय वायुसेना (IAF) ने अपनी स्थापना की 93वीं वर्षगांठ बड़े ही शानदार अंदाज़ में मनाई। इस बार का एयरफोर्स डे समारोह दो चरणों में आयोजित किया गया — पहला कार्यक्रम 8 अक्टूबर को गाज़ियाबाद के हिंडन एयरबेस पर हुआ था, जबकि दूसरा और बेहद खास शो असम की राजधानी गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी के ऊपर आयोजित किया गया।
#WATCH गुवाहाटी, असम: भारतीय वायु सेना ने 93वें वायु सेना दिवस के उपलक्ष्य में लाचित घाट पर पूर्ण पैमाने पर एयर शो आयोजित किया। pic.twitter.com/o3giqS0Pnr
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 9, 2025
गुवाहाटी के लाचित घाट पर आयोजित इस भव्य एयर शो में वायुसेना के 58 से ज़्यादा एयरक्राफ्ट और हेलिकॉप्टरों ने हिस्सा लिया। इन विमानों में राफेल, सुखोई, मिग-29, तेजस, मिराज, जगुआर, ALH मार्क-1 हेलिकॉप्टर, C-130 और C-17 जैसे शक्तिशाली विमान शामिल थे। दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक चले इस कार्यक्रम में वायुसेना के रणबांकुरों ने आसमान में ऐसे करतब दिखाए कि दर्शक रोमांचित हो उठे।
वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम ने अपने शानदार हवाई करतबों से लोगों का दिल जीत लिया। इस मौके पर असम के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। ब्रह्मपुत्र नदी के दोनों किनारों से लोगों ने इस नज़ारे को देखा। शो में युवाओं का जोश देखने लायक था — यह कार्यक्रम न सिर्फ वायुसेना की ताकत का प्रतीक बना, बल्कि युवाओं को देश की सेवा के लिए प्रेरित करने वाला भी साबित हुआ।
गुवाहाटी का यह इलाका चीन की सीमा और “चिकन नेक” के नज़दीक है। ऐसे में राफेल और तेजस जैसे लड़ाकू विमानों का यहां उड़ान भरना सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब 11 नवंबर 2025 को अरुणाचल प्रदेश में ट्राई सर्विसेज एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी, जिसमें थल सेना, नौसेना और वायुसेना — तीनों बल हिस्सा लेंगे। इस अभ्यास में तीनों अंगों के बीच समन्वय और तैयारी की समीक्षा की जाएगी।





