Rapido की तरह दिखने वाले ‘TownRide’ ऐप से ठगी, बढ़ाए जा रहे हैं राइड के बिल

बेंगलुरु के एक व्यक्ति ने शहर में चल रहे एक नए कैब फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। उसने अपनी पूरी कहानी Reddit पोस्ट में साझा की, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। व्यक्ति ने बताया कि कुछ ड्राइवर नकली ऐप का इस्तेमाल करके किराया बढ़ा रहे हैं, और कई लोग इसका शिकार हो चुके हैं।
पोस्ट के अनुसार, व्यक्ति ने केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (T2) से जक्कूर तक Rapido बाइक टैक्सी बुक की थी। ऐप पर किराया ₹598 दिखाया गया था और सब कुछ सामान्य लग रहा था। लेकिन यात्रा के अंत में स्थिति संदिग्ध हो गई। यात्री ने लिखा — “राइड खत्म होने पर ड्राइवर ने ₹758 का बिल दिखाया। ऐप का इंटरफेस Rapido जैसा ही लग रहा था, लेकिन कुछ गड़बड़ महसूस हुई। मैंने अपने फोन पर चेक किया तो मेरी राइड ‘नॉट फिनिश्ड’ दिखा रही थी।”
जब यात्री ने ड्राइवर से फोन दिखाने को कहा, तो पता चला कि वह Rapido नहीं, बल्कि TownRide नामक फर्जी ऐप का इस्तेमाल कर रहा था। यह ऐप दिखने में Rapido जैसा ही है, लेकिन इसमें किराया मैन्युअली बढ़ाया जा सकता है। यात्री ने बताया कि जब उसने सख्ती दिखाई, तो ड्राइवर ने तुरंत गलती मान ली और Rapido ऐप पर दिख रहे सही किराए के अनुसार पैसे लेकर वहां से निकल गया।
इस घटना के सामने आने के बाद कई लोगों ने सोशल मीडिया पर अपनी-अपनी कहानियां साझा कीं। एक यूज़र ने लिखा, “मेरे साथ भी Uber राइड में ऐसा ही हुआ। ड्राइवर ने कुछ सेकंड के लिए बढ़ा हुआ किराया दिखाया, लेकिन मैंने अपने ऐप पर जो राशि थी, वही दी। वे डराने की कोशिश करते हैं, लेकिन शांत रहकर सही राशि पर अड़े रहो।” एक अन्य यूज़र ने लिखा, “मेरे किराए ₹67 थे, लेकिन उसके ऐप में ₹76 दिखा रहा था।”
इस घटना के बाद लोग यात्रियों को सावधान रहने की सलाह दे रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि राइड खत्म होने पर हमेशा अपने ऐप पर असली किराया जांचें और किसी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत कंपनी या पुलिस को सूचना दें।





