जस्टिस सूर्यकांत बने भारत के 53वें मुख्य न्यायाधीश

भारत सरकार ने जस्टिस सूर्यकांत को देश के अगले मुख्य न्यायाधीश (CJI) के रूप में नियुक्त किया है। कानून मंत्रालय के न्याय विभाग ने 30 अक्टूबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। न्यायमूर्ति सूर्यकांत 24 नवंबर को औपचारिक रूप से पद की शपथ लेकर कार्यभार संभालेंगे। वे मौजूदा मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति भूषण आर. गवई का स्थान लेंगे, जो 23 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
इस तरह सूर्यकांत हरियाणा से आने वाले देश के पहले मुख्य न्यायाधीश बनेंगे। राष्ट्रपति द्वारा संविधान में निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए उनकी नियुक्ति की गई है।
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त शक्तियों के तहत, राष्ट्रपति ने न्यायमूर्ति सूर्यकांत, सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश, को 24 नवंबर 2025 से भारत का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है। उन्हें मेरी ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।”
कौन हैं जस्टिस सूर्यकांत?
न्यायमूर्ति सूर्यकांत का जन्म 10 फरवरी 1962 को हरियाणा के हिसार जिले के एक छोटे से गाँव पेटवार में हुआ था। वे एक साधारण परिवार से आते हैं और अपनी मेहनत के दम पर न्यायपालिका में शीर्ष पद तक पहुँचे हैं।





