‘बारामूला’ ट्रेलर: रहस्य, डर और सस्पेंस से भरी कहानी ने फैंस को किया रोमांचित

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक आदित्य सुहास जम्भाले की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बारामूला’ का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है। ट्रेलर में बच्चों के रहस्यमयी तरीके से गायब होने की घटनाएं दिखाई गई हैं, जो दर्शकों को झकझोर देती हैं। फिल्म में मुख्य भूमिका अभिनेता मानव कौल निभा रहे हैं।
2 मिनट 13 सेकंड लंबे ट्रेलर की शुरुआत एक छोटे बच्चे के लापता होने से होती है। इसके बाद डीएसपी सैय्यद रिदवान (मानव कौल) इस केस की जांच के लिए अपने परिवार के साथ बारामूला गांव पहुंचते हैं। लेकिन जांच के दौरान उनके घर में भी अजीबो-गरीब और डरावनी घटनाएं घटने लगती हैं। धीरे-धीरे और बच्चों के गायब होने के मामले सामने आते हैं, जिससे कहानी और ज्यादा रहस्यमयी बन जाती है। ट्रेलर में कई ऐसे दृश्य हैं जो दर्शकों के रोंगटे खड़े कर देते हैं।
‘बारामूला’ का निर्देशन आदित्य सुहास जम्भाले ने किया है, जबकि इसकी कहानी आदित्य धर ने लिखी है। फिल्म का निर्माण ज्योति देशपांडे, आदित्य धर और लोकेश धर ने मिलकर किया है।
कश्मीर के खूबसूरत लेकिन रहस्यमयी इलाके बारामूला पर आधारित यह फिल्म 7 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज की जाएगी।
ट्रेलर देखने के बाद दर्शक फिल्म के सस्पेंस और मानव कौल के दमदार अभिनय को लेकर काफी उत्साहित हैं।





