भारत

जयपुर ग्रामीण में बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में बस, 2 मजदूरों की मौत और 12 घायल

जयपुर ग्रामीण जिले के शाहपुरा उपखंड के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। टोडी गांव में ईंट भट्टे पर जा रही मजदूरों से भरी बस अचानक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। बस में तेज करंट दौड़ने के साथ ही जोरदार स्पार्क हुआ और आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में बस आग की लपटों से घिर गई। हादसे में मौके पर ही दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 12 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस उत्तर प्रदेश से मजदूरों को लेकर टोडी स्थित ईंट भट्टे की ओर जा रही थी। रास्ते में बस का ऊपरी हिस्सा हाईटेंशन लाइन से टकरा गया, जिसके बाद तेज धमाके के साथ आग फैल गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

मामला सामने आते ही मनोहरपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और घायलों को शाहपुरा उपजिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल पांच मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए जयपुर रैफर किया गया है। दमकल विभाग ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिए हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह हाईटेंशन लाइन के अत्यधिक नजदीक से गुजरना मानी जा रही है। प्रशासन ने ईंट भट्टा संचालक और बस चालक की भूमिका की जांच के आदेश दिए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि श्रमिकों से भरी बस का हाईटेंशन लाइन से टकराना बेहद दुखद घटना है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि राजस्थान में हादसों की लगातार बढ़ती घटनाएं चिंता का विषय हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button