Fraud and Scam

सीमा पार घुसपैठियों को भारतीय पहचान दिलाने वाला बड़ा नेटवर्क बेनकाब

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल में अवैध पासपोर्ट रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए इंदुभूषण हाल्दर उर्फ दुलाल को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने एक पाकिस्तानी एजेंट की मदद से अवैध रूप से भारत में घुसे बांग्लादेशी नागरिकों को करीब 250 भारतीय पासपोर्ट दिलवाए।

ईडी के मुताबिक, हाल्दर को 13 अक्टूबर को कोलकाता में हिरासत में लिया गया था और पूछताछ के बाद औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। वह नादिया ज़िले के भारत-बांग्लादेश सीमा से सटे चकदह गांव का रहने वाला है।

इस रैकेट का मास्टरमाइंड पाकिस्तानी एजेंट आजाद हुसैन उर्फ आजाद मलिक या अहमद हुसैन माना जा रहा है। वह नकली भारतीय पहचान पत्र पर भारत में रह रहा था और बांग्लादेश से घुसपैठ कर आने वालों को पैसे लेकर भारतीय पहचान दस्तावेज मुहैया कराता था। ईडी ने उसे अप्रैल में गिरफ्तार किया था और उसके खिलाफ जून में आरोपपत्र दायर हो चुका है।

एजेंसी का कहना है कि आजाद हुसैन बांग्लादेशियों को भारतीय पासपोर्ट बनवाने के लिए सीधे हाल्दर के पास भेजता था। हाल्दर पर आरोप है कि उसने इन लोगों के फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए और इस अवैध काम से मोटी कमाई की। कोलकाता की विशेष अदालत और कलकत्ता हाईकोर्ट पहले ही उसकी अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर चुके हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button