भारत

भाजपा का नया दफ्तर दिल्ली को समर्पित, पीएम बोले – सेवा और संस्कार का रिश्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, दिल्ली भाजपा की अध्यक्ष रेखा गुप्ता और कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा,”नवरात्र के पावन दिनों में दिल्ली भाजपा को नया कार्यालय मिला है, इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई।” उन्होंने कहा कि भले ही भाजपा की स्थापना को 45 साल हो गए हैं, लेकिन इसकी जड़ें 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा बनाए गए जनसंघ से जुड़ी हैं। “आज जो ताकत दिल्ली भाजपा के पास है, वो हमारे लाखों कार्यकर्ताओं के वर्षों के त्याग और मेहनत का परिणाम है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली और भाजपा के रिश्ते को “सिर्फ एक शहर और पार्टी का नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और सुख-दुख में साथ निभाने वाला रिश्ता” बताया। उन्होंने कहा कि जनसंघ और फिर भाजपा ने हमेशा दिल्ली के लोगों की सेवा की है — चाहे वो आपातकाल का समय हो या 1984 के सिख दंगे, पार्टी ने हर मुश्किल घड़ी में लोगों के साथ खड़े होकर उनका साथ दिया।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा: “आज का दिन हम सभी के लिए बहुत खास है। लंबे इंतजार के बाद दिल्ली भाजपा को अपना कार्यालय मिला है। प्रधानमंत्री मोदी जी का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने हमेशा पार्टी के हर काम में हमारा मार्गदर्शन किया।”

यह नया कार्यालय दिल्ली भाजपा के लिए एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे पार्टी के संगठनात्मक कार्य और भी मजबूत और व्यवस्थित होंगे।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button