भारत-पाकिस्तान फाइनल से पहले दुबई में कड़े सुरक्षा इंतज़ाम, कई चीज़ों पर बैन

दुबई में आज 2025 एशिया कप का ऐतिहासिक फाइनल खेला जाएगा, जिसमें भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। एशिया कप के 41 साल के इतिहास में पहली बार दोनों टीमें खिताबी मुकाबले में भिड़ रही हैं। भारतीय समयानुसार यह मैच रात 8 बजे से शुरू होगा। इस बड़े मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों में जबरदस्त उत्साह है।
इस महामुकाबले को देखते हुए दुबई इवेंट्स सिक्योरिटी कमेटी और दुबई पुलिस ने बेहद सख्त सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। एजेंसियां हर हाल में इस मैच को बिना किसी रुकावट के और पूरी तरह पुख्ता सुरक्षा में संपन्न कराना चाहती हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच हाल के तनावपूर्ण हालात को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और भी मजबूत की गई है। कुछ महीने पहले जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी आतंकियों ने 26 निर्दोष भारतीयों की हत्या की थी, जिसके बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत जवाबी कार्रवाई की थी। इसी घटनाक्रम को ध्यान में रखते हुए इस फाइनल के लिए कड़े नियम बनाए गए हैं।
स्टेडियम में आतिशबाजी, पटाखे और लेजर पॉइंटर जैसी चीजों को पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। तेज धार वाले हथियार, जहरीले पदार्थ और रिमोट कंट्रोल डिवाइस भी स्टेडियम में नहीं लाए जा सकते। बड़े आकार के छाते, कैमरा ट्राइपॉड, रिग्स, सेल्फी स्टिक और बिना अनुमति के फोटोग्राफी पर भी रोक लगाई गई है। इसके अलावा बिना इजाजत के झंडे, बैनर और पोस्टर भी अंदर नहीं ले जाने दिए जाएंगे।
दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे स्टेडियम में कम से कम तीन घंटे पहले पहुंचें ताकि प्रवेश के दौरान कोई परेशानी न हो। एक बार स्टेडियम में प्रवेश करने के बाद बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी और सभी दर्शकों को सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करना होगा। जिन चीजों पर बैन लगाया गया है, उन्हें बिल्कुल भी साथ न लाने की हिदायत दी गई है।
ये गाइडलाइंस और सुरक्षा नियम सिर्फ दुबई के लिए जारी किए गए हैं। भारत में दर्शक नियमों के हिसाब से टीम इंडिया की जीत पर जश्न मना सकते हैं। इससे पहले लीग स्टेज और सुपर-4 दोनों में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराया था और अब उसके पास 9वीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम करने का सुनहरा मौका है।




