सलमान-कपिल के बाद अब दिशा पाटनी निशाने पर, फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा पर सवाल

बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी इन दिनों किसी फिल्म या प्रोजेक्ट को लेकर नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित अपने घर के बाहर हुई गोलीबारी की घटना के कारण सुर्खियों में हैं। शुक्रवार सुबह हुई इस वारदात ने इलाके में हड़कंप मचा दिया और उनके परिवार को गहरी दहशत में डाल दिया। घटना के दो दिन बाद दिशा ने इस पर कोई सीधा बयान तो नहीं दिया, लेकिन इंस्टाग्राम पर न्यूयॉर्क फैशन वीक से अपनी कुछ तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों में वह डिजाइनर वेरोनिका लियोनी के ब्लैक बैकलेस गाउन में नजर आ रही थीं।
बरेली में मौजूद दिशा का परिवार इस घटना से बेहद डरा हुआ है। उनके पिता जगदीश पाटनी ने बताया कि पुलिस लगातार जांच कर रही है और वरिष्ठ अधिकारी खुद मामले को देख रहे हैं, लेकिन परिवार अब भी दहशत में है। दूसरी ओर, फैंस सोशल मीडिया पर दिशा की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं और कई लोग उन्हें गोल्डी बरार और रोहित गोदारा का नाम याद दिला रहे हैं।
View this post on Instagram
जानकारी के मुताबिक, बरेली के सिविल लाइंस इलाके में दो अज्ञात हमलावरों ने दिशा पाटनी के घर के बाहर अंधाधुंध फायरिंग की। हमलावरों ने 8 से 10 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दिशा के पिता ने कहा कि हमले में इस्तेमाल हथियार देसी नहीं बल्कि विदेशी थे।
इस घटना की जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बरार और रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पर ली है। उन्होंने दावा किया कि यह हमला धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के कारण किया गया। साथ ही धमकी दी कि यह सिर्फ ट्रेलर था और अगर आगे भी धर्म या संतों का अपमान हुआ तो नतीजे और गंभीर होंगे। हालांकि, पुलिस अभी तक हमले के पीछे की सच्चाई की पुष्टि नहीं कर पाई है।
यह पहली बार नहीं है जब किसी बड़े स्टार को इस तरह की धमकी या हमले का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले सलमान खान और कपिल शर्मा को भी गैंगस्टरों की धमकियों और फायरिंग की घटनाओं से गुजरना पड़ा था। अब दिशा पाटनी का मामला एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है।





