भारत

PM मोदी ने नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की को दी बधाई

नेपाल में जेनरेशन-ज़ी के व्यापक विरोध प्रदर्शनों और राजनीतिक सहमति के बाद देश की पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की ने शुक्रवार को अंतरिम प्रधानमंत्री पद की शपथ ली. इस के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल की प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने पर सुशीला कार्की को बधाई दी.

सुशीला कार्की को बधाई देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत पड़ोसी देश में शांति और लोगों की प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है. पूर्व प्रधान न्यायाधीश सुशीला कार्की ने शुक्रवार रात नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली. वह अंतरिम सरकार का नेतृत्व करेंगी. राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने 73 वर्षीय कार्की को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई.

भारत-नेपाल के रिश्‍तों पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री के रूप में पद ग्रहण करने पर माननीय सुशीला कार्की जी को हार्दिक शुभकामनाएं. नेपाल के भाई-बहनों की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए भारत पूरी तरह से प्रतिबद्ध है.’

गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शनों के दबाव में इस सप्ताह की शुरुआत में इस्तीफा दे दिया था. सुशीला कार्की नेपाल की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश रह चुकी हैं और अब उन्हें संक्रमणकालीन सरकार का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी मिली है. उनका मुख्य लक्ष्य देश में राजनीतिक स्थिरता बहाल करना और समय पर चुनाव कराना होगा.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button