भारत

हिंसा के बाद आज पीएम मोदी का पहला मणिपुर दौरा, कई विकास परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास

मणिपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मणिपुर का दौरा करेंगे. इसके मद्देनजर इम्फाल में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. प्रधानमंत्री आज मणिपुर का दौरा करेंगे और चुराचांदपुर में 7,300 करोड़ रुपए से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे. इसके अलावा, वे इम्फाल में 1,200 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे.

मणिपुर साल 2023 से जातीय हिंसा की आग में धधक रहा है. मोदी के मणिपुर दौरे पर देश की नजर है. पीएम मोदी का यह दौरा काफी अहम है, क्योंकि वह सीधे मणिपुर की राजधानी इम्फाल नहीं जा रहे हैं. पीएम मोदी सबसे पहले चुराचांदपुर जाएंगे, उसके बाद इम्फाल.

पीएम मोदी मणिपुर के चुराचांदपुर जाएंगे, जो कुकी समुदाय का मुख्य क्षेत्र है और 2023 की हिंसा में सबसे प्रभावित क्षेत्रों में शामिल था. पीएम मोदी चुराचांदपुर जाकर यहां विस्थापित लोगों से मिलेंगे. वे 7,300 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की नींव रखेंगे. बता दें कि यहां हुई हिंसा में कम से कम 260 लोग मारे गए और हजारों लोग विस्थापित हुए. पीएम मोदी 1988 के बाद चुराचांदपुर का दौरा करने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे.

प्रधानमंत्री मोदी मणिपुर के नए पुलिस मुख्यालय (मंट्रिपुखरी, इम्फाल) का उद्घाटन करेंगे, जिसकी लागत 101 करोड़ रुपये है, साथ ही नए सिविल सचिवालय का उद्घाटन करेंगे, जिसकी लागत 538 करोड़ रुपये है. इसके अलावा 3,647 करोड़ रुपये की ड्रेनेज और एसेट मैनेजमेंट सिस्टम परियोजना और 550 करोड़ रुपये के मणिपुर इन्फोटेक डेवलपमेंट (MIND) प्रोजेक्ट की शुरुआत भी की जाएगी.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button