विदेश

काठमांडू में अफरातफरी: सोशल मीडिया बैन के विरोध में हिंसा, गृह मंत्री ने दिया इस्तीफा

नेपाल में सोशल मीडिया पर हाल ही में लगाए गए प्रतिबंध और सरकारी भ्रष्टाचार के खिलाफ युवा सड़कों पर उतर आए। सोमवार को राजधानी काठमांडू के साथ-साथ पोखरा, चितवन, नेपालगंज और बिराटनगर जैसे कई शहरों में भारी संख्या में प्रदर्शन हुए। हजारों लोग संसद परिसर में घुस गए, जिससे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई जगह झड़पें हुईं। पुलिस ने स्थिति को काबू में करने के लिए फायरिंग की, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई और 250 से अधिक लोग घायल हुए।


प्रदर्शनकारियों का मुख्य आरोप नेपाल सरकार पर कथित भ्रष्टाचार और फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगाए गए हालिया प्रतिबंध को लेकर है। नेपाल स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, आज के विरोध प्रदर्शन में भारी हिंसा हुई, जिससे कई लोग मारे गए और घायल हुए।

नेपाल में बढ़ती हिंसा को देखते हुए भारत और नेपाल की 1751 किमी लंबी खुली सीमा पर तैनात केंद्रीय अर्धसैनिक बल ‘सशस्त्र सीमा बल’ (एसएसबी) सतर्क हो गया है। हालांकि फिलहाल सीमा पर अतिरिक्त बल तैनात नहीं किया गया है, लेकिन संवेदनशील स्थानों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद नेपाल के प्रधानमंत्री ओली ने आपातकालीन कैबिनेट बैठक बुलाई। बैठक में गृह मंत्री रमेश लेखक ने इस्तीफा दे दिया। नेपाल की राजनीतिक स्थिति फिलहाल तनावपूर्ण बनी हुई है और सरकार स्थिति पर नियंत्रण पाने की कोशिश कर रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button