हैदराबाद में जन्माष्टमी शोभायात्रा बनी मातम यात्रा, करंट से 5 की मौत

कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर सोमवार तड़के शहर के रमनतापुर इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया। भगवान कृष्ण की शोभायात्रा के दौरान रथ ऊपर से गुजर रही बिजली की तार से टकरा गया, जिससे पांच लोगों की मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा रात करीब 12 बजकर 15 मिनट पर हुआ। मृतकों की पहचान श्रीकृष्ण (21), श्रीकांत रेड्डी (35), सुरेश (34), रुद्र विकास (39) और राजेंद्र रेड्डी (45) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इस हादसे में केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी के सुरक्षाकर्मी (गनमैन) भी घायल हुए हैं।
Hyderabad, Telangana | Five people died and four others were injured after the chariot came into contact with live electric wires during a Krishna Janmashtami procession last night in the Ramanthapur area, within the Uppal police station limits. The injured were shifted to a…
— ANI (@ANI) August 18, 2025
तेलंगाना स्टेट साउदर्न पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (TSPDCL) के चेयरमैन और एमडी मुशर्रफ अली फारूकी ने बताया कि टीवी केबल का एक तार बिजली की लाइन से संपर्क में आ गया था और लटक रहा था। यह तार शोभायात्रा के रथ को छू गया, जिससे करंट फैल गया और पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से एक ने बाद में दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार को अवगत कराया जाएगा और डिप्टी सीएम से चर्चा कर मृतकों के परिवार को मुआवजा दिलाने की बात होगी। साथ ही घटना की पूरी जांच की जाएगी और लापरवाह जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी।
भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी के गनमैन के घायल होने की खबर आई, वहीं घटना पर शोक जताते हुए बीआरएस कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामाराव (KTR) ने कहा — “रमनतापुर में जन्माष्टमी उत्सव के दौरान हुए हादसे में पांच लोगों की मौत बेहद दुखद है। कृष्ण यादव, श्रीकांत रेड्डी, सुरेश यादव, रुद्र विकास और राजेंद्र रेड्डी की मौत से मैं गहरा शोक व्यक्त करता हूँ। उनके परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएँ हैं। मैं सरकार से अपील करता हूँ कि मृतकों के परिवारों को सहायता प्रदान की जाए और घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए। भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए सख्त सावधानियाँ बरती जानी चाहिए।”





