EOW के रडार पर शिल्पा शेट्टी-राज कुंद्रा, 60 करोड़ घोटाले का केस दर्ज

बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति बिजनेसमैन राज कुंद्रा एक बार फिर कानूनी मुश्किलों में फंस गए हैं। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने दोनों के खिलाफ एक बिजनेसमैन से 60.4 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
The Economic Offences Wing (EOW) has registered a case of fraud against actor Shilpa Shetty, her husband, businessman Raj Kundra and an unknown person at Juhu Police Station in Mumbai for allegedly cheating a Mumbai businessman, Deepak Kothari, of Rs 60.4 crore in a…
— ANI (@ANI) August 14, 2025
यह मामला उनकी अब बंद हो चुकी कंपनी बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है। आरोप है कि कंपनी ने लोन-कम इन्वेस्टमेंट डील के नाम पर शिकायतकर्ता दीपक कोठारी से करोड़ों रुपये लिए, लेकिन वादे के मुताबिक न तो रिटर्न दिया और न ही मूलधन वापस किया। शुरुआती शिकायत जुहू पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं के तहत दर्ज हुई थी, लेकिन राशि 10 करोड़ से अधिक होने के कारण केस को EOW में ट्रांसफर कर दिया गया।
दीपक कोठारी, जो लोटस कैपिटल फाइनेंशियल सर्विसेज के डायरेक्टर हैं, ने आरोप लगाया कि उनका परिचय राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी से राजेश आर्य नाम के व्यक्ति ने कराया था। उस समय शिल्पा और राज कंपनी के 87.6% शेयर होल्डर थे। पहले 75 करोड़ रुपये का लोन 12% ब्याज पर मांगा गया, लेकिन बाद में टैक्सेशन से बचने के नाम पर इसे इन्वेस्टमेंट के रूप में देने के लिए राजी कर लिया गया। कोठारी के मुताबिक, उन्होंने अप्रैल 2015 में 31.9 करोड़ और सितंबर 2015 में 28.53 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए।
एफआईआर में कहा गया है कि अप्रैल 2016 में पर्सनल गारंटी देने के बावजूद शिल्पा शेट्टी ने सितंबर 2016 में कंपनी से इस्तीफा दे दिया। बाद में कोठारी को पता चला कि कंपनी पर पहले से दिवालियापन की प्रक्रिया चल रही थी। शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के वकील ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और दुर्भावनापूर्ण बताते हुए कहा कि इसका मकसद सिर्फ उनके मुवक्किलों की छवि खराब करना है। वकील का कहना है कि असली अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है। फिलहाल, इस मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा कर रही है।





