RAW एजेंट का मिशन शुरू… ‘सारे जहां से अच्छा’ का धमाकेदार ट्रेलर

अभिनेता प्रतीक गांधी की आगामी जासूसी वेब सीरीज ‘सारे जहां से अच्छा’ का ट्रेलर सोमवार को नेटफ्लिक्स इंडिया द्वारा रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर में भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे राजनीतिक तनाव और परमाणु खतरे के इर्द-गिर्द बुनी गई कहानी की झलक मिलती है। इस वेब सीरीज में प्रतीक गांधी एक भारतीय खुफिया एजेंसी ‘रॉ’ के एजेंट की भूमिका में नजर आ रहे हैं, जिन्हें एक खास मिशन पर पाकिस्तान भेजा जाता है। वहां उनका उद्देश्य पाकिस्तान में चल रही संदिग्ध परमाणु गतिविधियों की जानकारी इकट्ठा करना और भारत की सुरक्षा के लिए खतरे को रोकना होता है। इस मिशन में उन्हें कई खतरों और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
ट्रेलर में दिखाया गया है कि जैसे-जैसे प्रतीक गांधी पाकिस्तान के राजनीतिक और सैन्य तंत्र के करीब पहुंचते हैं, वैसे-वैसे हालात और भी जटिल हो जाते हैं। उनकी मुलाकात पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के एक एजेंट से होती है, जिसका किरदार अभिनेता सनी हिंदुजा ने निभाया है। गांधी का किरदार पाकिस्तान में कदम-कदम पर नजरबंदी और दुश्मनों की चालों से घिरा रहता है।
‘सारे जहां से अच्छा’ की स्टारकास्ट में प्रतीक गांधी और सनी हिंदुजा के साथ तिलोत्तमा शोम, कृतिका कामरा, रजत कपूर और अनूप सोनी जैसे अनुभवी कलाकार भी शामिल हैं। इस वेब सीरीज का निर्देशन और निर्माण गौरव सुक्ला ने किया है, जो पहले भी गंभीर और राजनीतिक विषयों पर काम कर चुके हैं। नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रही यह सीरीज भारत-पाकिस्तान के तनावपूर्ण रिश्तों, जासूसी नेटवर्क और राष्ट्र की सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दों को छूती है। ट्रेलर को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, और अब सीरीज की रिलीज का इंतजार है।





