1 अगस्त से अमेरिका में भारतीय कांसुलर सेवाओं का बड़ा विस्तार: राजदूत विनय क्वात्रा का संदेश

अमेरिका में रह रहे भारतीय समुदाय के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। भारत के राजदूत विनय क्वात्रा ने 1 अगस्त 2025 से भारतीय कांसुलर सेवाओं में होने वाले महत्वपूर्ण विस्तार की घोषणा की है। अपने आधिकारिक संदेश में उन्होंने कहा कि यह कदम भारतीय प्रवासियों की ज़रूरतों को बेहतर ढंग से पूरा करने और भारत-अमेरिका संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
राजदूत क्वात्रा ने बताया कि कोलंबस, डैलस, डेट्रॉइट, एडिसन, ऑरलैंडो, रैले और सैन होज़े जैसे प्रमुख शहरों में नए भारतीय कांसुलर आवेदन केंद्र (Indian Consular Application Centers – ICACs) स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त लॉस एंजेलिस में भी एक नया कांसुलर केंद्र खोला जाएगा।
हमारी कांसुलर सेवाओं में 1 अगस्त से बड़ा विस्तार होगा। इस विस्तार और इससे हमारी सेवा वितरण में आने वाले सकारात्मक बदलावों के बारे में राजदूत विनय क्वात्रा का यह संदेश सुनें l pic.twitter.com/9vTbxqO9Qp
— India in USA (@IndianEmbassyUS) July 31, 2025
इन सभी केंद्रों के साथ मिलाकर कुल 17 नए कांसुलर आवेदन केंद्र पूरे अमेरिका में कार्यरत होंगे। सबसे खास बात यह है कि ये सभी नए केंद्र शनिवार को भी खुले रहेंगे, जिससे भारतीय समुदाय को कार्यदिवस के अलावा भी अपनी ज़रूरत की सेवाएं प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे सेवा की उपलब्धता और पहुंच दोनों में ही अभूतपूर्व वृद्धि होगी।
राजदूत क्वात्रा ने बताया कि इन कांसुलर केंद्रों के ज़रिए पासपोर्ट, वीज़ा, OCI कार्ड, सरेंडर सर्टिफिकेट, जीवन प्रमाण पत्र और जन्म से जुड़ी सेवाएं अधिक तेज़ी से प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा अन्य Miscellaneous Services भी इन्हीं केंद्रों के माध्यम से सहजता से उपलब्ध होंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉस एंजेलिस में भारतीय कांसुलर केंद्र खोलने की जो घोषणा की गई थी, उसे अब मूर्त रूप दिया जा रहा है। यह भारत-अमेरिका के बीच “पीपल-टू-पीपल टाईज” यानी जनता से जनता के संबंधों को मजबूती देने की दिशा में एक सशक्त कदम है।
राजदूत ने इसे भारत की प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण बताया और कहा कि यह संबंध दोनों समाजों के बीच सहयोग को और अधिक सशक्त करेगा।





