डेनवर एयरपोर्ट पर हादसा टला: टेकऑफ से पहले अमेरिकी विमान में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित

डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया जब टेकऑफ से ठीक पहले अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट AA3023 के लैंडिंग गियर में अचानक आग लग गई। इस घटना के दौरान विमान में 173 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह विमान डेनवर से मियामी के लिए उड़ान भरने वाला था, लेकिन दोपहर करीब 2:45 बजे रनवे 34L पर दौड़ते समय पायलट को लैंडिंग गियर में तकनीकी खराबी का अंदेशा हुआ। इसके तुरंत बाद विमान को रोका गया और आपातकालीन स्लाइड के जरिए सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया।
हादसे के समय विमान के पिछले हिस्से में आग और धुआं फैल गया जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे यात्री घबराहट में स्लाइड से नीचे उतरते हैं और विमान के नीचे से काला धुआं उठ रहा है। डेनवर फायर डिपार्टमेंट और एयरपोर्ट की इमरजेंसी टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक शाम 5:10 बजे तक आग पूरी तरह बुझा दी गई थी।
अमेरिकन एयरलाइंस ने एक बयान में बताया कि विमान में पहले से एक टायर संबंधित “मेंटेनेन्स इशू” था, जिसे उड़ान से पहले नोट किया गया था। घटना के बाद पांच यात्रियों की मौके पर जांच की गई, जिनमें से एक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। अन्य सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। घटना के बाद यात्रियों को शटल बस से टर्मिनल तक पहुंचाया गया और विमान को सेवा से बाहर कर जांच के लिए भेज दिया गया।
गौर करने वाली बात यह है कि डेनवर एयरपोर्ट पर पिछले पांच महीनों में यह दूसरा मौका है जब अमेरिकन एयरलाइंस के बोइंग 737 सीरीज विमान में आग लगी हो। इससे पहले मार्च में डलास जा रही एक फ्लाइट में टैक्सी के दौरान आग लग गई थी। इस तरह की लगातार घटनाओं ने एयरलाइन की मेंटेनेंस और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, इस बार पायलट की सतर्कता और समय पर राहत कार्य की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।





