खेल

जसप्रीत बुमराह खेलेंगे मैनचेस्टर टेस्ट, मोहम्मद सिराज ने की पुष्टि

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने पुष्टि की है कि जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ 23 जुलाई से मैनचेस्टर में शुरू होने वाले चौथे टेस्ट मैच में खेलेंगे। इससे पहले टीम प्रबंधन ने कहा था कि बुमराह इस सीरीज में केवल तीन टेस्ट ही खेलेंगे, जिसके चलते उनके अंतिम दो मैचों में खेलने को लेकर संशय बना हुआ था। बुमराह ने अब तक पहले और तीसरे टेस्ट में भाग लिया है, जबकि कार्यभार प्रबंधन के तहत उन्हें दूसरे टेस्ट से आराम दिया गया था।

पूर्व क्रिकेटर अनिल कुंबले समेत कई विशेषज्ञों और फैंस ने बुमराह को निर्णायक मुकाबले में शामिल करने की मांग की थी। भारत इस पांच मैचों की सीरीज में फिलहाल 1-2 से पीछे चल रहा है, और सीरीज में बने रहने के लिए चौथा टेस्ट जीतना बेहद जरूरी है। ऐसे में बुमराह का खेलना टीम के लिए अहम साबित हो सकता है।

मीडिया से बातचीत में सिराज ने कहा, “जितना मुझे पता है, बुमराह भाई तो खेलेंगे।” हालांकि उन्होंने प्लेइंग इलेवन या टीम संयोजन पर कुछ भी कहने से परहेज किया। सिराज ने इतना ही कहा कि जो भी टीम मैदान पर उतरेगी, वह सर्वश्रेष्ठ होगी और जीत के लिए तैयार होगी।

बता दें कि जसप्रीत बुमराह ने इस सीरीज के अब तक दो टेस्ट मैचों में कुल 12 विकेट झटके हैं और दो बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा भी किया है।

भारत के लिए मैनचेस्टर टेस्ट आसान नहीं होने वाला है। ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर भारत ने अब तक नौ टेस्ट मुकाबले खेले हैं, जिनमें चार इंग्लैंड ने जीते हैं और बाकी पांच ड्रॉ रहे हैं। भारत को इस बार इतिहास बदलने और सीरीज को बराबरी पर लाने का सुनहरा मौका है। यदि टीम यह मुकाबला जीतती है, तो अंतिम टेस्ट तक सीरीज रोमांचक मोड़ पर पहुंच सकती है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button