पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक दोबारा जुड़े गोल्डमैन सैक्स के साथ, वरिष्ठ सलाहकार की भूमिका में करेंगे काम

ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक अब एक बार फिर अपने पुराने पेशे में लौट आए हैं। उन्होंने मशहूर अमेरिकी निवेश फर्म गोल्डमैन सैक्स में वरिष्ठ सलाहकार (सीनियर एडवाइज़र) के तौर पर काम संभाल लिया है।
गोल्डमैन सैक्स के सीईओ डेविड सोलोमन ने मंगलवार को बयान जारी कर बताया कि ऋषि सुनक अब कंपनी के साथ मिलकर दुनियाभर के क्लाइंट्स को आर्थिक और वैश्विक मामलों पर सलाह देंगे। उन्होंने कहा कि “ऋषि सुनक के पास दुनिया की आर्थिक और राजनीतिक स्थिति को समझने का अनोखा अनुभव है, जो हमारे क्लाइंट्स के लिए बेहद फायदेमंद रहेगा।”
सुनक इससे पहले अक्टूबर 2022 से जुलाई 2024 तक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री रहे। उससे पहले वे वित्त मंत्री (चांसलर ऑफ द एक्सचेकर) के रूप में फरवरी 2020 से जुलाई 2022 तक काम कर चुके हैं। उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा 2015 में सांसद बनने के साथ शुरू की थी।
हाल ही में हुए आम चुनाव में ऋषि सुनक की कंज़र्वेटिव पार्टी को उनकी अब तक की सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद वे अभी भी नॉर्थ यॉर्कशायर की रिचमंड और नॉर्थएलर्टन सीट से सांसद हैं। चुनाव प्रचार के दौरान सुनक ने यह वादा किया था कि वे अगली संसद का पूरा कार्यकाल एक सांसद के रूप में पूरा करेंगे, चाहे नतीजा कुछ भी हो।
ऋषि सुनक का गोल्डमैन सैक्स से पुराना नाता है। वे पहले 2000 में समर इंटर्न के तौर पर कंपनी में जुड़े थे और 2001 से 2004 तक एनालिस्ट की भूमिका निभाई थी। इसके बाद उन्होंने एक निवेश कंपनी भी शुरू की, जो दुनियाभर की कंपनियों के साथ काम करती रही। अब राजनीति के बाद वे दोबारा कॉर्पोरेट दुनिया में सक्रिय हो गए हैं और एक बार फिर गोल्डमैन सैक्स में अपनी नई भूमिका निभाने जा रहे हैं।





