भारत

पुणे में बड़ा हादसा: इंद्रायणी नदी पर बना पुल ढहा, 6 पर्यटकों की डूबने से मौत, कई लापता

पुणे के मावल इलाके में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब इंद्रायणी नदी पर बना एक पुल अचानक ढह गया। इस हादसे में अब तक 6 पर्यटकों के डूबने से मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। यह दर्दनाक घटना पुणे के कुंडमाला इलाके में हुई, जो मानसून के समय पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय जगह मानी जाती है। हादसे के समय पुल पर करीब 15 से 20 लोग मौजूद थे, जो पुल गिरने के बाद नदी में गिर पड़े और बह गए।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी हादसे को लेकर चिंता जताई है और कहा है कि कई लोगों के डूबने की आशंका है। वहीं, राज्य के मंत्री गिरीश महाजन ने बताया कि राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। अब तक 8 लोगों को बचाया जा चुका है। वहीं, दो महिलाएं अभी भी पुल के नीचे फंसी हुई हैं, जिन्हें बाहर निकालने की कोशिश जारी है।

बता दें कि पिछले दो दिनों से पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में भारी बारिश हो रही है और इन इलाकों के लिए पहले से ही ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। गंगा घाट जैसे क्षेत्रों में बहुत तेज बारिश की चेतावनी दी गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पुल की हालत को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई थी। हालांकि पुल की मरम्मत 4-5 साल पहले की गई थी, लेकिन उसकी मजबूती को लेकर लोगों में संदेह बना हुआ था। पर्यटकों को इस खतरे की जानकारी नहीं थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

फिलहाल पूरे इलाके में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button