देश में बढ़ते कोरोना मामलों के बीच पंजाब सरकार ने जारी की नई एडवाइजरी

देशभर में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी देखी जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में सक्रिय कोरोना मामलों की संख्या बढ़कर 7,400 हो गई है। इस बढ़ती चिंताओं के बीच पंजाब सरकार ने एहतियाती कदम उठाते हुए एक नई स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी की है।
पंजाब सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों में बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और स्वास्थ्यकर्मियों को मास्क पहनने की सख्त सलाह दी गई है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके साथ ही लोगों से व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, बार-बार हाथ धोने और खांसते या छींकते समय मुंह ढकने की अपील की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि अगर किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी या सर्दी-जुकाम जैसे लक्षण महसूस हों, तो वह खुद को आइसोलेट कर इलाज कराए और दूसरों से दूरी बनाए रखे। स्वास्थ्यकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं और मास्क व सैनिटाइजर का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया है।
हालांकि, फिलहाल राज्य सरकार ने किसी भी तरह की पाबंदी या लॉकडाउन जैसे कदम नहीं उठाए हैं, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर सख्त कदम उठाए जा सकते हैं। सरकार का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। कोरोना की मौजूदा स्थिति की बात करें तो देश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 7,400 पहुंच गई है। इनमें सबसे ज्यादा एक्टिव केस गुजरात में हैं, जहां यह आंकड़ा 1,437 है। इसके बाद केरल में 2,109, पश्चिम बंगाल में 747, कर्नाटक में 527 और दिल्ली में 672 सक्रिय मामले हैं।
महाराष्ट्र में 613, उत्तर प्रदेश में 248, तमिलनाडु में 232, राजस्थान में 180, मध्य प्रदेश में 120, हरियाणा में 97 और आंध्र प्रदेश में 102 केस एक्टिव हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की मानें तो फिलहाल अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या बहुत कम है और ज्यादातर संक्रमित लोग घर पर ही आइसोलेशन में इलाज करवा रहे हैं। विशेषज्ञों ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। सरकार की ओर से भी यही कहा गया है कि “एहतियात ही सबसे बड़ा बचाव है।”





