रैपर एमीवे बंटाई को जान से मारने की धमकी, 1 करोड़ की फिरौती की मांग

देश के मशहूर रैपर एमीवे बंटाई (असली नाम – बिलाल शेख) को एक करोड़ रुपये की फिरौती के साथ जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी उन्हें 25 मई को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक मैसेज के जरिए दी गई। इस धमकी में खुद को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी गोल्डी बराड़ बताने वाले व्यक्ति ने 24 घंटे के अंदर फिरौती की रकम न देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की बात कही। इसके बाद एमीवे ने तुरंत अपने सहयोगियों से चर्चा कर नवी मुंबई के एनआरआई पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई।
बताया जा रहा है कि धमकी उस वक्त आई जब एमीवे अपने सीवुड स्थित घर में थे। धमकी देने वाले व्यक्ति ने मैसेज में लिखा – “मैं गोल्डी बराड़ बोल रहा हूं। तेरे गायक के पास सिर्फ 24 घंटे हैं। अगर 1 करोड़ रुपए नहीं भेजे तो खत्म कर दूंगा।” खास बात यह है कि यह धमकी उस दिन आई जब एमीवे ने पंजाबी रैपर सिद्धू मूसेवाला की तीसरी बरसी पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए एक गाना – “ट्रिब्यूट टू सिद्धू मूसेवाला” रिलीज करने की तैयारी की थी। यह गाना 26 मई को रिलीज किया गया।
इस पूरे मामले की शिकायत एमीवे की म्यूजिक कंपनी “बंटाई रिकॉर्ड्स” की मैनेजर पूजा कुलाई ने दर्ज करवाई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एमीवे बंटाई भारत के सबसे लोकप्रिय रैपर्स में गिने जाते हैं। उनका जन्म 13 नवंबर 1995 को बेंगलुरु, कर्नाटक में हुआ था, लेकिन अब वे मुंबई में रहते हैं। उनका स्टेज नाम ‘एमिवे’ दो मशहूर रैपर्स – एमिनेम (Emi) और लिल वेन (Way) – के नामों से मिलाकर बना है, जबकि ‘बंटाई’ शब्द मुंबई की लोकल स्लैंग से लिया गया है।
एमीवे ने खुद की म्यूजिक कंपनी “बंटाई रिकॉर्ड्स” शुरू की है। इस प्लेटफॉर्म पर वे नए और उभरते रैपर्स को मौका देते हैं और उन्हें अपनी कला को बिना किसी बंधन के प्रस्तुत करने की आज़ादी देते हैं। पुलिस फिलहाल धमकी देने वाले आरोपी की पहचान और उसके मंशा की जांच में जुटी है।





