प्रभास की फिल्म ‘स्पिरिट’ को लेकर विवाद, डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा का X पर फूटा गुस्सा

प्रभास स्टारर फिल्म स्पिरिट एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह कुछ खास अच्छी नहीं है। फिल्म के डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबा नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने बिना किसी का नाम लिए एक व्यक्ति की “प्रोफेशनलिज़्म” पर सवाल उठाए और उसे “गंदा पीआर गेम खेलने” का आरोप लगाया। हालांकि वांगा ने पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन कई लोगों का मानना है कि यह पोस्ट दीपिका पादुकोण से जुड़ी हालिया घटनाओं पर इशारा करता है।
When I narrate a story to an actor, I place 100% faith. There is an unsaid NDA(Non Disclosure Agreement) between us. But by doing this, You’ve ‘DISCLOSED’ the person that you are….
Putting down a Younger actor and ousting my story? Is this what your feminism stands for ? As a…— Sandeep Reddy Vanga (@imvangasandeep) May 26, 2025
बताया जा रहा है कि दीपिका पादुकोण ने फिल्म स्पिरिट से खुद को अलग कर लिया है। उनकी जगह अब ‘एनिमल’ फेम त्रिप्ती डिमरी को लिया गया है। 2023 में जब फिल्म की घोषणा हुई थी, तब अफवाहें थीं कि दीपिका, जो उस वक्त प्रभास के साथ कल्कि 2898 एडी की शूटिंग कर रही थीं, इस फिल्म में भी उनके अपोज़िट नजर आएंगी।
हाल के दिनों में आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीपिका ने भारी फीस की मांग की थी और अपनी काम करने की शर्तें भी रखी थीं। साथ ही, उन्होंने मदरहुड को लेकर किसी डायरेक्टर के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी थी, जिससे दोनों के बीच खटास बढ़ी। अब त्रिप्ती डिमरी ने सोशल मीडिया पर अपनी कास्टिंग कन्फर्म की है और लिखा, “अभी भी यकीन नहीं हो रहा… इस सफर का हिस्सा बनने का मौका मिलने के लिए आभारी हूं।” इस बीच, एक वेबसाइट ने दावा किया कि स्पिरिट एक “ए-रेटेड एक्शन” फिल्म होगी। अब तक फिल्म को सिर्फ एक कॉप थ्रिलर बताया गया था, लेकिन इस नए खुलासे ने डायरेक्टर वांगा को नाराज कर दिया।
उन्होंने X पर लिखा, “जब मैं किसी एक्टर को कहानी सुनाता हूं, तो पूरी ईमानदारी और भरोसे के साथ करता हूं। यह एक अनकही NDA जैसी डील होती है। लेकिन जो किया गया है, उससे आपने खुद ही बता दिया कि आप असल में कैसे इंसान हैं।”
स्पिरिट को लेकर अभी भी आधिकारिक पुष्टि बाकी है कि फिल्म में क्या बदलाव हुए हैं और वांगा की नाराजगी किसके खिलाफ है। लेकिन दीपिका का हटना और त्रिप्ती की एंट्री इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्सुकता और विवाद दोनों बढ़ा रहे हैं।





