IPL 2025: जयपुर में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आज कांटे की टक्कर

इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के तहत शनिवार, 24 मई को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में एक अहम मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स का सामना अक्षर पटेल की दिल्ली कैपिटल्स से होगा। यह मैच खास इसलिए भी है क्योंकि भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के कारण इन दोनों टीमों के बीच पिछला मुकाबला रद्द कर दिया गया था। अब एक बार फिर दोनों टीमें मैदान में आमने-सामने होंगी।
जहां पंजाब किंग्स की नजरें प्लेऑफ में शीर्ष दो स्थान हासिल करने पर हैं, वहीं दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस सीजन में अपनी उम्मीदें लगभग खो चुकी है और अब वह अगले सीजन की तैयारी करते हुए नए खिलाड़ियों और संयोजनों को परखना चाहेगी। पंजाब किंग्स थोड़े ब्रेक के बाद मैदान में लौटेगी। उसका पिछला मुकाबला भी इसी मैदान पर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हुआ था, जिसमें उसने 10 रन से जीत दर्ज की थी।
जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम इस समय बल्लेबाजों के लिए मददगार माना जा रहा है, ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि पंजाब और दिल्ली के बीच यह मैच हाई स्कोरिंग हो सकता है। ओस के प्रभाव को देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का विकल्प चुन सकती है। 190 से ज्यादा का स्कोर इस पिच पर चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। तेज गेंदबाजों को नई गेंद से शुरुआती फायदा मिलने की उम्मीद है।
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 34 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें पंजाब किंग्स ने 17 और दिल्ली कैपिटल्स ने 16 मैचों में जीत दर्ज की है। इससे पता चलता है कि दोनों के बीच मुकाबला हमेशा कांटे का रहा है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह, श्रेयस अय्यर (कप्तान), जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), नेहल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, अजमतुल्लाह उमरजई, शशांक सिंह, मार्को जानसन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट प्लेयर: हरप्रीत बरार
दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल, फाफ डु प्लेसिस, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा, अक्षर पटेल (कप्तान)/माधव तिवारी, विप्रज निगम, कुलदीप यादव, दुष्मंथा चमीरा, मुस्तफिजुर रहमान, मुकेश कुमार।
इम्पैक्ट प्लेयर: केएल राहुल
फैंस को इस मुकाबले में रोमांच की पूरी उम्मीद है, खासकर तब जब दोनों टीमें एक दूसरे को टक्कर देने के लिए तैयार हैं।





