Cannes Film Festival 2025 में जान्हवी कपूर का डेब्यू, फिल्म ‘होमबाउंड’ की टीम के साथ पहुंचीं रेड कार्पेट पर

Cannes Film Festival 2025 का आयोजन 13 मई से 24 मई तक हो रहा है। इस 78वें संस्करण में भारतीय सितारों की खास मौजूदगी देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में अभिनेत्री जान्हवी कपूर ने इस प्रतिष्ठित फिल्म समारोह में अपने करियर की पहली उपस्थिति दर्ज की।
जान्हवी अपनी आने वाली फिल्म ‘होमबाउंड’ के प्रमोशन के लिए कान्स पहुंचीं। रेड कार्पेट पर उन्होंने अपने स्टाइल और लुक से सभी का ध्यान खींचा। इस मौके पर जान्हवी ने डिजाइनर तरुण तहिलियानी द्वारा तैयार किया गया खास आउटफिट पहना। बनारसी टिशू फैब्रिक से बनी प्लीटेड स्कर्ट और कोर्सेट वाले इस परिधान को रिया कपूर ने स्टाइल किया था। लुक को और खास बनाने के लिए उन्होंने लेयर्ड पर्ल नेकलेस, डायमंड स्टड्स और एक लंबी ड्रेप के साथ स्लीक बन चुना।
जान्हवी के इस पारंपरिक और एलिगेंट अंदाज़ ने कई प्रशंसकों को उनकी मां, दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की याद दिला दी। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने उनकी तुलना श्रीदेवी से करते हुए उनके लुक की सराहना की।
जान्हवी कपूर के साथ ‘होमबाउंड’ फिल्म की पूरी टीम भी कान्स में मौजूद रही। निर्देशक नीरज घेवान, सह-कलाकार ईशान खट्टर और विशाल जेठवा ने भी रेड कार्पेट पर शिरकत की। वहीं, निर्माता करण जौहर की मौजूदगी ने बॉलीवुड की भागीदारी को और प्रभावशाली बना दिया।





