दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी आरसीबी, रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

आज आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरू (RCB) का मुकाबला शानदार फॉर्म में चल रही दिल्ली कैपिटल्स (DC) से हो रहा है। मैच दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
यह इस सीजन में इस मैदान पर खेला जा रहा तीसरा मुकाबला है। अब तक हुए दो मैचों में दिल्ली को एक हार का सामना करना पड़ा था, जबकि एक मैच में कैपिटल्स ने सुपर ओवर में जीत दर्ज की थी। प्वाइंट्स टेबल में टॉप दो में जगह बनाने के लिए दिल्ली को आज का मुकाबला हर हाल में जीतना जरूरी है।
दिल्ली की टीम ने इस सीजन बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी को हराया था। ऐसे में आज आरसीबी के पास उस हार का बदला लेने का सुनहरा मौका है।
अगर इस मैदान के रिकॉर्ड की बात करें तो अब तक यहां कुल 92 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें से 45 मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है, जबकि 46 मैच चेज करने वाली टीम के नाम रहे हैं। एक मुकाबला बिना नतीजे के समाप्त हुआ। दिल्ली कैपिटल्स ने इस मैदान पर अब तक 86 मैच खेले हैं, जिनमें से 38 में उन्हें जीत मिली है और 46 में हार का सामना करना पड़ा है।
दोनों टीमों के बीच आज का मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।





