IPL2025

वानखेड़े में जोरदार टक्कर, लखनऊ ने जीता टॉस

आईपीएल 2025 का 45वां मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। लखनऊ ने अपनी टीम में एक बदलाव किया है — मयंक यादव की वापसी हुई है और वह शार्दुल ठाकुर की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किए गए हैं।

वहीं, मुंबई इंडियंस ने भी अपनी टीम में दो बदलाव किए हैं। मिचेल सैंटनर की तबीयत खराब होने के कारण उनकी जगह कर्ण शर्मा को मौका मिला है। इसके अलावा, कोर्बिन बॉश आज मुंबई के लिए अपना आईपीएल डेब्यू कर रहे हैं।

मुंबई इंडियंस शानदार फॉर्म में है और लगातार चार मैच जीत चुकी है। हार्दिक पंड्या की अगुवाई में टीम आज भी अपनी विजय यात्रा जारी रखने के इरादे से मैदान पर उतरी है। खास बात यह है कि मुंबई, पिछली हार का बदला भी लेना चाहेगी। पिछली बार जब दोनों टीमें चार अप्रैल को आमने-सामने आई थीं, तब लखनऊ ने अपने घरेलू मैदान इकाना स्टेडियम में मुंबई को 12 रनों से हराया था।

फिलहाल अंक तालिका में दोनों टीमों के पास समान 10 अंक हैं। हालांकि, बेहतर नेट रन रेट के चलते मुंबई पांचवें स्थान पर और लखनऊ छठे स्थान पर है। दोनों टीमों ने अब तक 9 मुकाबलों में 5-5 जीत दर्ज की हैं और 4-4 मैचों में हार का सामना किया है।

लखनऊ के लिए कप्तान ऋषभ पंत की खराब फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है। आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी पंत ने अब तक 9 मैचों में केवल 106 रन बनाए हैं। आज के मुकाबले में मुंबई के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ उनकी कड़ी परीक्षा होगी। लखनऊ की टीम वानखेड़े में जीत की पटरी पर लौटने की कोशिश करेगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button