MI की लगातार चौथी जीत, सूर्यकुमार यादव ने रचा इतिहास

मुंबई इंडियंस ने शनिवार रात सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हराकर आईपीएल 2025 में अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की. रोहित शर्मा के 70 और सूर्यकुमार यादव के 40* रनों की बदौलत मुंबई ने वानखेड़े स्टेडियम में 174 रनों का लक्ष्य सिर्फ 15.4 ओवर में हासिल कर लिया.
रोहित ने लगातार दो अर्धशतकों के साथ अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी और 46 गेंदों पर आठ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 70 रन की पारी खेली. उन्होंने पहले सलामी बल्लेबाज विल जैक्स के साथ 64 रनों की ठोस साझेदारी की, जिन्होंने 19 गेंदों पर 22 रन बनाए और फिर सूर्यकुमार के साथ 53 रनों की साझेदारी करके मैच को लगभग अपने नाम कर लिया.
सूर्यकुमार ने अपनी खास शैली में 19 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 40 रन बनाकर नाबाद रहे. सूर्या ने 40 रन की धमाकेदार पारी खेलकर एक कमाल का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. आईपीएल के इतिहास में सूर्या इकलौते ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं जिनके नाम आईपीएल इतिहास में लगातार 9 पारियों में 25+ स्कोर बनाने का कमाल दर्ज है. इस सीजन आईपीएल में सूर्या ने 29, 48, 27*, 67, 28, 40, 26, 68*, 40* का स्कोर बनाकर इतिहास रच दिया है.
इसके अलावा सूर्या आईपीएल में सफल पीछा करते हुए 50+ की औसत और 160+ के औसत से 1000+ रन बनाने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं.
आईपीएल (IPL) में सफल लक्ष्य का पीछा करने में सूर्या का योगदान
सूर्या 39 पारी
रन 1320
औसत 50.76
एसआर 166.56
बता दें कि इस सीजन आईपीएल में सूर्या सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं. मौजूदा संस्करण में सूर्या ने 8 मैचों में 373 रन बनाकर धमाका कर दिया है. सूर्यकुमार यादव ने 62.16 की औसत और 166.51 की स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं, जिसमें दो अर्द्धशतक शामिल है. इस आईपीएल में सूर्या ने अबतक 38 चौके और 19 छक्के लगा चुके हैं.





