IPL2025

लखनऊ सुपर जायंट्स ने रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को दो रन से हराया

आईपीएल 2025 के 36वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने शनिवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में रोमांचक जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 180 रन बनाए। जवाब में राजस्थान रॉयल्स की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 178 रन ही बना सकी। आखिरी ओवर में राजस्थान को जीत के लिए 9 रन की जरूरत थी, लेकिन आवेश खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए केवल 6 रन दिए और शिमरन हेटमायर का अहम विकेट लिया।

इस जीत के साथ लखनऊ ने इस सीजन में अपनी पांचवीं जीत दर्ज की, जबकि राजस्थान को छठी हार का सामना करना पड़ा।

राजस्थान रॉयल्स ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार शुरुआत की। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल के बीच 85 रन की ओपनिंग साझेदारी हुई। सूर्यवंशी ने 20 गेंदों में 34 रन बनाए, जबकि जायसवाल ने 52 गेंदों पर 74 रन की बेहतरीन पारी खेली। रियान पराग ने 26 गेंद में 39 रन जोड़े, लेकिन मध्यक्रम लड़खड़ा गया। अंतिम ओवर में हेटमायर (12 रन) के आउट होते ही टीम की जीत की उम्मीदें भी टूट गईं। शुभम दूबे (3 रन) और जुरेल (6 रन) कुछ खास नहीं कर सके। लखनऊ की ओर से आवेश खान ने तीन विकेट झटके।

इससे पहले लखनऊ की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। मिचेल मार्श (4), निकोलस पूरन (11), और कप्तान ऋषभ पंत (3) जल्दी पवेलियन लौट गए। लेकिन एडन मार्करम (66 रन, 45 गेंद) और आयुष बदोनी (50 रन, 34 गेंद) ने टीम को संभाला। अंत में अब्दुल समद ने मात्र 10 गेंदों में नाबाद 30 रन ठोकते हुए चार छक्कों की मदद से टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

लखनऊ की यह जीत प्लेऑफ की दौड़ में उन्हें मजबूत स्थिति में ले जाती है, वहीं राजस्थान को अब आगे के मैचों में वापसी के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button