श्रद्धा कपूर करेंगी ‘तुम्बाड़’ के निर्देशक के साथ नई फिल्म, एकता कपूर करेंगी प्रोड्यूस

बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर हाल ही में अपनी हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘स्त्री 2’ से दर्शकों का दिल जीत चुकी हैं। अब वह जल्द ही ‘तुम्बाड़’ फेम निर्देशक राही अनिल बर्वे के साथ एक नई हाई-कॉन्सेप्ट थ्रिलर फिल्म में नजर आएंगी, जिसका निर्माण एकता कपूर करेंगी। सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा और एकता कपूर कुछ नई फिल्मों पर चर्चा कर रही हैं। इनमें से एक हाई-कॉन्सेप्ट थ्रिलर फिल्म है, जिसकी स्क्रिप्ट पूरी हो चुकी है। श्रद्धा को इसकी अनोखी कहानी बेहद पसंद आई है, और उन्हें लगता है कि ‘स्त्री 2’ के बाद यह उनके लिए एक शानदार प्रोजेक्ट साबित हो सकती है।
श्रद्धा सिर्फ इस थ्रिलर फिल्म तक ही सीमित नहीं हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह एकता कपूर के साथ एक रोमांटिक फिल्म पर भी बातचीत कर रही हैं। इस लव स्टोरी का निर्देशन ‘आशिकी 2’ फेम मोहित सूरी करेंगे। खास बात यह है कि इस फिल्म में श्रद्धा की जोड़ी एक बार फिर आदित्य रॉय कपूर के साथ बन सकती है।
इन प्रोजेक्ट्स के अलावा श्रद्धा कपूर ‘नागिन ट्रिलॉजी’ की तैयारी में भी व्यस्त हैं। इस मेगा-बजट फिल्म का निर्देशन विशाल फुरिया कर रहे हैं, जिसमें श्रद्धा एक शक्तिशाली नागिन की भूमिका निभाएंगी। बताया जा रहा है कि फिल्म में वीएफएक्स का भारी इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे दर्शकों को एक नई और दिलचस्प कहानी देखने को मिलेगी।
श्रद्धा के पास इन फिल्मों के अलावा भी कुछ और प्रोजेक्ट्स हैं, जिनकी डिटेल्स अभी गुप्त रखी गई हैं। हालांकि, जल्द ही इनकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि श्रद्धा की यह नई फिल्मों की लाइनअप उनके करियर में क्या नया मोड़ लाती है।





