हार्दिक पंड्या की वापसी से मजबूत हुई मुंबई! गुजरात के खिलाफ होगी भिड़ंत

आईपीएल 2025 के अहम मुकाबले में शनिवार को गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां दोनों टीमें अपनी पहली जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेंगी। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या एक मैच के प्रतिबंध के बाद टीम में वापसी कर रहे हैं, जिससे टीम को संतुलन मिलेगा।
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहला मैच हारने के बाद मुंबई को वापसी की उम्मीद होगी, जबकि गुजरात टाइटंस भी पंजाब किंग्स के खिलाफ 11 रन से मिली हार को भुलाकर जीत दर्ज करना चाहेगी।
अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम बल्लेबाजों के लिए अनुकूल माना जाता है। यहां गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है, जिससे चौकों-छक्कों की बारिश होती है। हालांकि, शुरुआती ओवरों में गेंदबाजों को भी मदद मिल सकती है। पिछले मैच में पंजाब किंग्स ने इस मैदान पर 243 रन बनाए थे, जिसका पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस ने 232 रन बना डाले थे। ऐसे में यह मुकाबला भी हाई स्कोरिंग हो सकता है।
अब तक इस मैदान पर कुल 36 आईपीएल मैच खेले गए हैं, जिसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 16 और दूसरी बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 20 मैच जीते हैं। पहली पारी का औसत स्कोर 160-170 रन के बीच रहता है। इस मैदान पर अब तक का सर्वाधिक स्कोर पंजाब किंग्स (243/5) के नाम है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल, साई सुदर्शन, जोस बटलर, शरफेन रदरफोर्ड/ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, आर साई किशोर, अरशद खान/वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), विल जैक्स, नमन धीर, हार्दिक पंड्या, मिचेल सैंटनर, ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, सत्यनारायण राजू।
दोनों टीमें इस मैच को जीतकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज करने को बेताब होंगी। ऐसे में यह मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।





