अमेरिका में PM Modi का ठंका, ट्रंप ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए रोमांचित हूं”

पीएम मोदी अमेरिका के 2 दिवसीय यात्रा से लौट रहे. डोनाल्ड ट्रंप ने उनके स्वागत में कोई कमी नहीं छोड़ी. पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात 4 घंटे चली. इस दौरान भारत-अमेरिका के संबंधों पर खूब चर्चा हुई. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “मैं व्हाइट हाउस में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए रोमांचित हूं. हम यहां और भारत में भी काफी समय बिताते हैं. हमने 5 साल पहले आपके खूबसूरत देश की यात्रा की थी… यह एक अविश्वसनीय समय था. दुनिया के सबसे पुराने और सबसे बड़े लोकतंत्र अमेरिका और भारत के बीच एक विशेष बंधन है. आज, प्रधानमंत्री और मैं संबंधों को और मजबूत करने के लिए रूपरेखा की घोषणा कर रहे हैं…”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “सबसे पहले मैं अपने मित्र डोनाल्ड ट्रंप को मेरे शानदार स्वागत और आतिथ्य सत्कार के लिए आभार व्यक्त करता हूं. राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत और अमेरिका के संबंधों को अपने नेतृत्व से संजोया है और उसे जीवंत बनाया है. जिस उत्साह से उनके पहले कार्यकाल के दौरान हमने साथ मिलकर काम किया, वही उत्साह, वही ऊर्जा मैंने आज भी महसूस किया. आज की चर्चाओं में उनके पहले कार्यकाल में हमारे उपलब्धियों का संतोष और गहरे आपसी विश्वास का सेतु था और नए लक्ष्य हासिल करने का संकल्प भी था. भारत और अमेरिका का सहयोग एक बेहतर विश्व को शेप कर सकता है.”
पीएम मोदी और ट्रंप के बीच हुई वार्ता की प्रमुख बातें
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “अमेरिका के लोग राष्ट्रपति ट्रम्प के मोटो MAGA – ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ से परिचित हैं. भारत के लोग भी विरासत और विकास की पटरी पर विकसित भारत 2047 के दृढ़ संकल्प को लेकर तेज गति शक्ति से विकास की ओर अग्रसर हैं. अमेरिका की भाषा में कहूं तो विकसित भारत का मतलब ‘मेक इंडिया ग्रेट अगेन’ यानि ‘MIGA’ है. जब अमेरिका और भारत साथ मिलकर काम करते हैं, यानि MAGA प्लस ‘MIGA’, तब बन जाता है –“मेगा” पार्ट्नर्शिप फॉर प्रोस्पेरिटी और यही मेगा हमारे लक्ष्यों को नया स्केल और स्कॉप देती है.”
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ” भारत और अमेरिका की साझेदारी लोकतंत्र और लोकतांत्रिक मूल्यों तथा व्यवस्थाओं को सशक्त बनाती है. इंडो-पैसिफिक में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ाने के लिए हम मिलकर काम करेंगे. इसमें QUAD की विशेष भूमिका होगी. इस बार भारत में होने जा रही QUAD समिट में हम पार्टनर देशों के साथ नए क्षेत्रों में अपना सहयोग बढ़ाएंगे. भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (IMEEC) और इज़राइल, संयुक्त अरब अमीरात और संयुक्त राज्य अमेरिका (I2U2) के तहत हम आर्थिक गलियारे और व्यापार बुनियादी ढांचे पर मिलकर काम करेंगे…”
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत और अमेरिका एक साथ खड़े रहेंगे. हम इस बात पर सहमत हैं कि सीमा पार आतंकवाद के उन्मूलन के लिए ठोस कार्रवाई आवश्यक है. मैं राष्ट्रपति का आभारी हूं कि उन्होंने 2008 में भारत में नरसंहार करने वाले अपराधी को अब भारत के हवाले करने का निर्णय किया है. भारत की अदालतें उसके खिलाफ उचित कार्रवाई करेंगी…”
- ‘क्या अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बैठक में कारोबारी गौतम अडानी के खिलाफ मामले पर चर्चा हुई?’ के सवाल पूछे जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “भारत एक लोकतांत्रिक देश है और हमारी संस्कृति ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की है, हम पूरी दुनिया को एक परिवार मानते हैं. हर भारतीय को मैं अपना मानता हूं. ऐसे व्यक्तिगत मामलों के लिए दो देशों के मुखिया न मिलते है न बैठते हैं न बात करते हैं.”





