ताज़ा खबरेंविदेश

भारत-अमेरिका द्विपक्षीय वार्ता: H1B वीज़ा और टैरिफ होंगे मुख्य मुद्दे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी आधिकारिक यात्रा के तहत 13 फरवरी को वॉशिंगटन डीसी पहुंचे, जहां वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ व्हाइट हाउस में एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। यह बैठक ईस्टर्न स्टैंडर्ड टाइम (EST) के अनुसार शाम 4 बजे और भारतीय समयानुसार (IST) 14 फरवरी को सुबह 2:30 बजे होगी।

भारत और अमेरिका के बीच इस बैठक में टैरिफ, व्यापार संतुलन, उत्पाद निर्यात और बौद्धिक संपदा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। ट्रंप की “अमेरिका फर्स्ट” नीति के कारण दोनों देशों के बीच व्यापार असंतुलन को लेकर नई चुनौतियां उभरी हैं, जिन्हें हल करने के लिए यह वार्ता अहम मानी जा रही है।

इसके साथ ही, एच1बी वीज़ा और आव्रजन नियमों में आए बदलावों से भारतीय पेशेवरों पर पड़े असर को लेकर भी चर्चा होगी। भारत सरकार इस मुद्दे पर अपनी चिंताओं को रखेगी और संभावित समाधान पर विचार किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी यात्रा के दौरान अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड से भी मुलाकात की। इस बैठक में आतंकवाद, साइबर सुरक्षा और अन्य उभरते खतरों के खिलाफ खुफिया सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस बैठक को भारत-अमेरिका सुरक्षा साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम बताया।

यह बैठक डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में राष्ट्रपति बनने के बाद दोनों नेताओं की पहली उच्च-स्तरीय वार्ता होगी, जिससे दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा और आव्रजन जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। इससे पहले भी मोदी और ट्रंप वैश्विक मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने के लिए कई वार्ताएं कर चुके हैं।

Show More
Back to top button