IND vs ENG: पहले T20 मुकाबले में भारत की जीत, मुकाबले में दर्ज हुए कई रिकॉर्ड

इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए कल पहले टी20 मुकाबले में भारत ने जीत के साथ आगाज किया. भारत ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हराकर सीरीज में अपना खाता खोला. इसी के साथ दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने कई बड़े रिकॉर्ड भी दर्ज किए. चलिए तो बताते हैं कि आखिर वह कौन से ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने इस मुकाबले को यादगार बनाया और रिकॉर्ड दर्ज किया.
भारत के लिए अर्शदीप ने चटकाए सर्वाधिक विकेट
भारतीय टीम के युवा गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपनी लय को बरकरार रखते हुए नया कीर्तीमान स्थापित किया. अर्शदीप टीम इंडिया के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट चटकाने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं. इससे पहले यह उपलब्धि भारतीय गेंदबाज युजवेंद्र चहल के नाम थी. अर्शदीप ने कुल 97 विकेट अपने नाम किए हैं. वहीं चहल के नाम 96 विकेट दर्ज हैं.
बटलर ने टी20 में बनाए 12000 रन
पिछले मुकाबले में भले ही इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन मैच के दौरान कप्तान जोस बटलर अपना जलवा बिखरने में कामयाब रहे. इस दौरान उन्होंने एक खास उपलब्धि भी हासिल की. वह टी20 क्रिकेट में 12000 रन बनाने वाले दुनिया के सातवें खिलाड़ी बन गए हैं.
भारतीय जमीं पर सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बने अभिषेक शर्मा
टीम इंडिया के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने पहले टी20 मुकाबल में महज 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. जिसके साथ ही वह टीम इंडिया के लिए घरेलू जमीं पर सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले संयुक्त रूप से तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं. पहले स्थान पर मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव का नाम आता है. जिन्होंने 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था.
बता दें कि पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के बल्लेबाजों का बल्ला कमाल नहीं कर सका और पूरी टीम महज 132 रन पर सिमट गई. इंग्लैंड के लिए बटलर ने सर्वाधिक 68 रन की पारी खेली. वहीं इस टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए इंग्लैंड को 7 विकेट से हरा दिया. इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में अभिषेक शर्मा का बोलबाला रहा. टीम के लिए पारी का आगाज करते हुए उन्होंने कुल 34 गेंदों का सामना किया. इस बीच 232.35 की स्ट्राइक रेट से 79 बनाने में कामयाब रहे. इस दौरान उनके बल्ले से पांच चौके और आठ खूबसूरत छक्के देखने को मिले.





