जापान एयरलाइंस पर साइबर हमला, उड़ानें हुई विलंबित

क्योडो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, जापान एयरलाइंस (JAL) ने गुरुवार को घोषणा की कि उसके नेटवर्क को साइबर हमले का निशाना बनाया गया है, जिसके कारण कम से कम 14 घरेलू उड़ानों में एक घंटे तक की देरी हुई और कुछ अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में भी बाधा उत्पन्न हुई. एयरलाइंस ने बताया कि परेशानी सुबह लगभग 7:25 बजे शुरू हुई, जिसके कारण सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए टिकटों की बिक्री निलंबित करना पड़ा.
वहीं जिन यात्रियों ने टिकट पहले खरीदा था, उन्हें सलाह दी गई कि उनकी बुकिंग वैध रहेगी.
इससे पहले दिन में, एक्स पर पोस्ट करते हुए, जापान एयरलाइंस ने लिखा, “हमने समस्या के कारण की पहचान की और उसका समाधान किया. हम सिस्टम पुनर्प्राप्ति स्थिति की जांच कर रहे हैं. आज प्रस्थान करने वाली घरेलू उड़ानों की बिक्री निलंबित कर दी गई है. हम किसी भी तरह की असुविधा के लिए माफी मांगते हैं.”
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, “हमें आपको यह बताते हुए दुख हो रहा है कि हमारा नेटवर्क सिस्टम डाउन हो गया है. कारण की जांच की जा रही है. इससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानों के संचालन पर उसर पड़ सकता है. हम असुविधा के लिए ईमानदारी से माफी मांगते हैं.”





