“हम सत्ता चुनेंगे!” महाराष्ट्र चुनाव परिणाम से पहले VBA प्रमुख का बड़ा बयान

महाराष्ट्र विधानसभा के नतीजे घोषित होने से एक दिन पहले वंचित बहुजन अघाड़ी के अध्यक्ष प्रकाश अंबेडकर ने शुक्रवार को कहा कि अगर उनकी पार्टी चुनाव में आवश्यक संख्या हासिल कर लेती है तो वह उस पक्ष को चुनेगी जो सरकार बना सके.
प्रकाश अम्बेडकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “अगर वीबीए को कल महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए किसी पार्टी या गठबंधनको समर्थन देने के लिए संख्या मिलती है, तो हम उसके साथ रहना चुनेंगे जो सरकार बना सकता है. हम सत्ता चुनेंगे!”
महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों के लिए मतदान बुधवार को संपन्न हुआ और वोटों की गिनती कल यानि 23 नवंबर, शनिवार को होगी. अधिकांश एग्जिट पोल में अनुमान लगाया गया है कि भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन की सरकार बनने की संभावना है, जबकि कुछ ने करीबी मुकाबले की भविष्यवाणी की है. भारतीय चुनाव आयोग ने बुधवार को कहा कि महाराष्ट्र में 62.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.
ईसीआई ने कहा कि महाराष्ट्र की सभी 288 सीटों पर एक साथ मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया. मतदान में आसानी और प्रेरक अभियानों के लिए आयोग द्वारा कई उपायों के बावजूद, राज्य में शहरी मतदाताओं ने मुंबई, पुणे और ठाणे जैसे शहरों में कम भागीदारी का निराशाजनक रिकॉर्ड जारी रखा.





