नासाऊ कोलिज़ियम में पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय को किया संबोधित, कहा- “वह दिन दूर नहीं जब आप मेड इन इंडिया चिप यहां अमेरिका में भी देखेंगे”

नासाऊ कोलिज़ियम में पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय को किया संबोधित, कहा- “वह दिन दूर नहीं जब आप मेड इन इंडिया चिप यहां अमेरिका में भी देखेंगे”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय प्रवासियों को संबोधित करने के लिए न्यूयॉर्क, लॉन्ग आइलैंड के नासाऊ कोलिज़ियम पहुंचे। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज न्यूयॉर्क के नासाउ कोलिज़ीयम में भारतीय प्रवासियों से मिलने के लिए पहुंच चुकें हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने नासाऊ कोलिज़ियम में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि, “नमस्ते यूएस! अब हमारा नमस्ते भी ग्लोबल हो गया है… यह सब आपने किया है… आपका प्यार मेरा सौभाग्य है…”
#WATCH अमेरिका: न्यूयॉर्क के नासाऊ कोलिज़ियम में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “नमस्ते यूएस! अब हमारा नमस्ते भी ग्लोबल हो गया है… यह सब आपने किया है… आपका प्यार मेरा सौभाग्य है…” pic.twitter.com/B66gosr6Q3
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 22, 2024
हम जहां जाते हैं वहां सबको परिवार मानकर घुल मिल जाते हैं
न्यूयॉर्क के नासाऊ कोलिज़ियम में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “हम जहां जाते हैं वहां सबको परिवार मानकर उनसे घुल-मिल जाते हैं… हम उस देश के वासी हैं जहां सैकड़ों भाषाएं और सैकड़ों बोलियां हैं, दुनिया के सभी धर्म और आस्थाएं हैं और फिर भी हम एकजुट होकर आगे बढ़ रहे हैं।”
आप सभी भारत के सशक्त ब्रांड एंबेसडर रहे हैं
उन्होंने कहा, “मैं हमेशा से आपके सामर्थ्य को, भारतीय प्रवासियों के सामर्थ्य को समझता रहा हूं। जब मेरे पास कोई सरकारी पद नहीं था तब भी समझता था और आज भी समझता हूं। मेरे लिए, आप सभी भारत के सशक्त ब्रांड एंबेसडर रहे हैं। इसीलिए मैं आपको ‘राष्ट्रदूत’ कहता हूं।” वह बोले “हम जहां जाते हैं वहां सबको परिवार मानकर उनसे घुल-मिल जाते हैं… हम उस देश के वासी हैं जहां सैकड़ों भाषाएं और सैकड़ों बोलियां हैं, दुनिया के सभी धर्म और आस्थाएं हैं और फिर भी हम एकजुट होकर आगे बढ़ रहे हैं।”
भाषाएं अनेक हैं लेकिन भाव एक है, वह भाव है- ‘भारतीयता’
भारत की एकता और अखंडता को लेकर पीएम मोदी बोले कि भाषाएं अनेक हैं लेकिन भाव एक है, वह भाव है- ‘भारतीयता’… दुनिया के साथ जुड़ने के लिए यह हमारी सबसे बड़ी ताकत है। यही मूल्य हमें सहज रूप से ‘विश्वबंधु’ बनाती है। उन्होंने कहा, “हम दूसरों का भला करके, त्याग करके सुख पाते हैं, हम किसी भी देश में रहें यह भावना नहीं बदलती है। हम जिस सोसाइटी में रहते हैं वहां ज्यादा से ज्यादा योगदान करते हैं…”
AI का मतलब है- ‘अमेरिकन-इंडियन’
अमेरिका: न्यूयॉर्क के नासाऊ कोलिज़ियम में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “दुनिया के लिए AI का मतलब है आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, लेकिन मैं मानता हूं कि AI का मतलब है- ‘अमेरिकन-इंडियन’… अमेरिका-इंडिया यह जज़्बा है और वही दुनिया का AI पावर है।”
“लोकतंत्र के इस जश्न में भारत और अमेरिका एक साथ हैं”
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “मैं दुनिया में जहां भी जाता हूं, हर नेता भारतीय प्रवासियों की तारीफ करता है। कल राष्ट्रपति बाइडेन मुझे अपने घर, डेलावेयर ले गए। उनकी आत्मीयता, गर्मजोशी मेरे लिए हृदय को छू लेने वाला क्षण था। वह सम्मान 140 करोड़ भारतीयों का है, यह सम्मान आपका है, और यहां रहने वाले लाखों भारतीयों का है। मैं राष्ट्रपति बाइडेन और आप लोगों का आभारी हूं। 2024 का यह वर्ष पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण है। एक तरफ कुछ देशों के बीच संघर्ष और तनाव है, दूसरी तरफ कई देशों में लोकतंत्र का जश्न मनाया जा रहा है। लोकतंत्र के इस जश्न में भारत और अमेरिका एक साथ हैं…”
पीएम मोदी ने बताई पुष्प की नई परिभाषा
पीएम मोदी ने कहा कि “आपको एक शब्द ‘पुष्प’ याद रहेगा ‘पुष्प’, मैं इसे इस प्रकार परिभाषित करता हूं ‘पी’ से प्रगतिशील भारत, ‘यू’ से अजेय भारत, ‘एस’ से आध्यात्मिक भारत, ‘एच’ से मानवता प्रथम को समर्पित भारत और ‘पी’ से समृद्ध भारत। ‘पुष्प’ की सभी पांच पंखुड़ियां को मिलाकर ही हम विकसित भारत बनाएंगे।”
“हम देश के लिए मर नहीं पाए लेकिन हम देश के लिए जरूर जी सकते हैं”
न्यूयॉर्क में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आजादी के आंदोलन में करोड़ो भारतीयों ने स्वराज के लिए अपना जीवन खपा दिया था, उन्होंने अपना हित नहीं देखा था… वे देश की आजादी के लिए सब कुछ भूलकर अंग्रेजों से लड़ने चल पड़े थे, उस सफर में किसी को फांसी का फंदा मिला, किसी को गोलियों से भून दिया गया, कोई यातनाएं सहते हुए जेल में ही गुजर गया… हम देश के लिए मर नहीं पाए लेकिन हम देश के लिए जरूर जी सकते हैं।”
भारत ऊर्जा से भरा है, सपनों से भरा है
न्यूयॉर्क में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है। भारत ऊर्जा से भरा है, सपनों से भरा है, हर दिन नए कीर्तिमान हासिल कर रहा है… आज ही हमें एक और बहुत अच्छी खबर मिली है, भारत ने पुरुष और महिला शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीता है…”
भारत के आज 23 शहरों में मेट्रो है
पीएम मोदी ने कहा कि “2014 में भारत के सिर्फ 5 शहरों में मेट्रो थी आज 23 शहरों में मेट्रो है, आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क भारत में है और इसका हर रोज़ विस्तार हो रहा है… 2014 में 100 से भी कम ग्राम पंचायतों में ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी थी आज 2 लाख से भी ज्यादा पंचायतों में ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी है… जिस काम में पहले सालों लग जाते थे अब महीनों में हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आज अवसरों की धरती है, अब भारत अवसरों का इंतजार नहीं करता। अब भारत अवसरों का निर्माण करता है।”
“वह दिन दूर नहीं जब आप मेड इन इंडिया चिप यहां अमेरिका में भी देखेंगे”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “वह दिन दूर नहीं जब आप मेड इन इंडिया चिप यहां अमेरिका में भी देखेंगे। यह छोटी सी चिप विकसित भारत की उड़ान को नई ऊंचाई पर ले जाएगी और यह ‘मोदी की गारंटी’ है।”
हम ग्लोबल साउथ की भी एक मजबूत आवाज हैं
न्यूयॉर्क में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज हमारी साझेदारी पूरी दुनिया के साथ बढ़ रही है। पहले भारत सबसे समान दूरी की नीति पर चलता था। अब भारत सबसे समान नजदीकी की नीति पर चल रहा है… हम ग्लोबल साउथ की भी एक मजबूत आवाज हैं…आज, जब भारत वैश्विक मंच पर कुछ कहता है, तो दुनिया सुनती है। कुछ समय पहले जब मैंने कहा था कि यह युद्ध का युग नहीं है, तो इसकी गंभीरता को सभी ने समझा था…”
बहुत जल्द आप भारत में भी ओलंपिक देखेंगे
न्यूयॉर्क में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “अभी कुछ दिन पहले पेरिस ओलंपिक खत्म हुआ है। अगले ओलंपिक का मेजबान USA है। बहुत जल्द आप भारत में भी ओलंपिक देखेंगे। हम 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।”





