कुवैत में लगी भीषण आग, 4 भारतीय समेत 40 लोगों की मौत, 50 घायल

मंगफ: कुवैत के मंगफ क्षेत्र में एक इमारत में आग लग गई. बताया जा रहा है कि जिस बिल्डिंग में आग लगी उसमें मजदूर रहते थे. कुवैती राज्य मीडिया और पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के परिणामस्वरूप 40 लोगों की मौत हो गई और 50 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मेजर जनरल ईद रशीद हमाद ने रॉयटर्स से बातचीत में कहा कि घटना की सूचना अधिकारियों को स्थानीय समयानुसार सुबह 6:00 बजे (0300 GMT) दी गई. इस बीच कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने इमर्जेंसी नंबर (+965-65505246) जारी किया है. इस फोन नंबर पर बात कर लोग अपनों के बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं.
भीषण अग्निकांड में 41 लोगों की मौत हुई है. मरने वालों में 4 भारतीय भी शामिल हैं (यह संख्या बढ़ भी सकती है). कुवैत की सरकारी टीवी ने बताया कि जिस बिल्डिंग में आग लगी उसमें बड़ी तादाद में मजदूर रहते थे. बताया जा रहा है कि इमारत में करीब 160 लोग रहते थे, जो एक ही कंपनी के कर्मचारी हैं. वहां रहने वाले कई कर्मचारी भारतीय हैं. बिल्डिंग से बड़ी संख्या में लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन धुएं और आग से घिर जाने की वजह से लोगों की दम घुटने और झुलसने से मौत हो गई. स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और आग लगने की घटना की छानबीन की जा रही है.

वहीं इस घटना पर भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ट्वीट कर दुख व्यक्त किया है. उन्होंने लिखा, कुवैत शहर में आग लगने की घटना की खबर से गहरा सदमा लगा है. कथित तौर पर 40 से अधिक मौतें हुई हैं और 50 से अधिक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हमारे राजदूत शिविर में गये हैं. हम आगे की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं. उन लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना, जिन्होंने दुखद रूप से अपनी जान गंवाई. जो लोग घायल हुए हैं उनके शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं.
हमारा दूतावास इस संबंध में सभी संबंधित पक्षों को पूरी सहायता प्रदान करेगा.





