Hindi Newsportal

पुराने संसद भवन में शुरू हुआ मानसून सत्र, राज्यसभा इस वजह से दोपहर 12 बजे तक के लिए हुई स्थगित 

0 460
पुराने संसद भवन में शुरू हुआ मानसून सत्र, राज्यसभा इस वजह से दोपहर 12 बजे तक के लिए हुई स्थगित 

देश की संसद का मानसून सत्र शुरू हो चुका है। इस दौरान लोकसभा में सबसे पहले आम आदमी पार्टी के सुशील कुमार रिंकू को लोकसभा में संसद सदस्य के रूप में शपथ दिलाई गयी। वहीं राज्यसभा को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। राज्यसभा को मौजूदा सांसद हरद्वार दुबे के सम्मान में स्थगित किया गया है। बता दें हरद्वार दुबे का जून में निधन हो गया था।

संसद के मानसून सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मानसून सत्र में आप सभी का स्वागत है। सावन का पवित्र मास चल रहा है। सावन मास पवित्र संकल्प और पवित्र कार्यों के लिए बहुत ही उत्तम माना जाता है। मुझे विश्वास है कि सभी सांसद मिलकर इस सत्र का जनहित में सर्वाधिक उपयोग करेंगे। संसद और हर सांसद की जो जिम्मेवारी है, ऐसे अनेक कानूनों को बनाना और उसपर चर्चा करना बहुत आवश्यक है। चर्चा जितनी पैनी होती है उतना जनहित में दूरगामी परिणाम देने वाले अच्छे निर्णय होते हैं। बता दें इस दौरान पीएम मोदी ने मणिपुर में दो कुकी महिलाओं के साथ हुई हैवानियत की भी कड़ी निंदा की।

जानकारी के मुताबिक संसद के मानसून सत्र का पहला दिन काफी हंगामा व बवाल हो सकता है। ऐसा कहा जा रहा है कि आज के दिन विपक्ष मणिपुर और महंगाई समेत कई मुद्दों पर जवाब मांग सकता है। हालांकि सरकार भी संसद पर में इस बार बहस करने को तैयार है।

वहीं संसद का मानसून सत्र के लिए कांग्रेस के लोकसभा सांसद मनीष तिवारी ने मणिपुर में चल रहे जातीय संघर्ष पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों सदनों में मणिपुर की परिस्थिति पर चर्चा होनी चाहिए। अगर इस पर सरकार चर्चा करने के लिए तैयार है तो इस पर ही सबसे पहले चर्चा होनी चाहिए।

गौरतलब है कि संसद के नए भवन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मई 2023 को किया था। लेकिन इसके बावजूद संसद का मानसून सत्र देश की पुरानी संसद में ही चल रहा है।