Hindi Newsportal

दिल्ली में सर्दी ने तोड़ा रिकॉर्ड,राजस्थान-पंजाब में भी शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी

File Image
0 503

उत्तर भारत में शीत लहर चलने से देश के कई हिस्सों में ठंड सताने लगी है। सबसे ज्यादा ठंड पहाड़ी इलाकों पर है, जहां बर्फबारी के चलते पारा शून्य से नीचे जा चुका है। जम्मू-कश्मीर में सबसे ज्यादा ठंड दर्ज की गई है। यहां का गुलमर्ग माइनस 11 डिग्री तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। वहीं, श्रीनगर में तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इसके अलावा पहलगाम में भी तापमान शून्य से 8.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

पहाड़ों में बर्फ़बारी ने ठंडा किया बाकी प्रदेशों को।

दरअसल पहाड़ों पर बर्फबारी वाला आलम है, इसलिए मैदानी इलाकों में भी सर्दी का सितम बढ़ गया है। दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम हाल-फिलहाल में ठंडा हुआ। इसके अलावा पंजाब, राजस्थान और यहां तक कि मध्य प्रदेश में भी ठिठुरन बढ़ी है। राजस्थान के माउंट आबू में तो पारा शून्य से नीचे जा चुका है, जबकि मध्य प्रदेश के दतिया में तापमान 3 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा राज्य के 23 शहरों में पारा 10 डिग्री के नीचे है।

दिल्ली ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड।

दिल्ली-एनसीआर की बात करे तो शुक्रवार को यहाँ न्यूनतम तापमान 4 डिग्री रहा जिसने 10 साल का रिकॉर्ड भी तोड़ा। बता दे इससे पहले 2011 में 16 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री था। इस रिकॉर्ड के टूटने के साथ ही दिसंबर के आखिर तक दिल्ली का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

एक हफ्ते तक जारी रहेगी कड़ाके की ठंड – IMD का अनुमान।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले सप्ताह तक ऐसी ही ठंड की स्थिति बने रहने का अनुमान जताया है। हालांकि, एक हफ्ते बाद कुछ राहत मिलने की उम्मीद की जा सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले सप्ताह उत्तर भारत में रात का तापमान (Temperature) सामान्य से नीचे बना रहेगा। इसके अलावा विभाग ने 17 से 24 दिसंबर और 24 से 30 दिसंबर तक के लिए अपने पूर्वानुमान में कहा है कि उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहेगा।

ये भी पढ़े : जम्मू-कश्मीर में आठवें और अंतिम चरण के डीडीसी चुनाव के लिए मतदान जारी, 168 उम्मीदवार है मैदान में

राजस्थान में सभी 33 जिलों में पारा 7 डिग्री से नीचे।

राजस्थान में शीतलहर के साथ सर्दी का सितम जारी है। 24 घंटे के दौरान ही ज्यादातर शहरों में पारा 3 डिग्री सेल्सियस तक और नीचे चला गया। अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम था। एक भी शहर ऐसा नहीं रहा जहां रात का पारा 7 डिग्री से ज्यादा हो। वहीं, माउंट आबू और चांदन के बाद चूरू और जोबनेर में पारा माइनस में चला गया था।

पंजाब-हरियाणा और यूपी में शीतलहर का है अनुमान – IMD

मौसम विभाग के अनुसार 24 दिसंबर तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में शीत लहर (Cold Wave) बढ़ जाएगी। इतना ही नहीं दिल्ली में शीतलहर सोमवार तक जारी रह सकती है। इधर अमृतसर में पारा 0.4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने के साथ पंजाब-हरियाणा शीतलहर की चपेट में हैं।

हिमाचल प्रदेश में आठ शहरों में रात का पारा शून्य से नीचे, पहाड़ों पर जम रही बर्फ।

हिमाचल के पहाड़ों पर अब बर्फ जमने लगी है। इसके चलते मैदानी इलाकों में भी शीतलहर चल रही है। पिछले 24 घंटे में शिमला समेत 8 शहरों का मिनिमम टेंपरेचर माइनस में रहा। निचले इलाकों में गहरी धुंध भी पड़ रही है। केलांग शून्य से 8 डिग्री सेल्सियस कम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान बना रहा।

इधर घाटी का तापमान भी पंहुचा जीरो डिग्री सेल्सियस से नीचे।

श्रीनगर और गुलमर्ग समेत कश्मीर घाटी के कई शहरों में रात का तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग की माने तो 21-22 दिसंबर को घाटी में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है।

Click here for Latest News updates and viral videos on our AI-powered smart news

For viral videos and Latest trends subscribe to NewsMobile YouTube Channel and Follow us on Instagram