जोहरान ममदानी ने रचा इतिहास: भारतीय मूल के पहले मेयर बने जोहरान ममदानी

वाशिंगटन: भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क के मेयर चुनाव में शानदार जीत दर्ज की है. 34 वर्षीय डेमोक्रेट नेता ने शहर के पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो को मात देते हुए इतिहास रच दिया. इस जीत के साथ ममदानी न सिर्फ न्यूयॉर्क के पहले भारतीय-अमेरिकी मुस्लिम मेयर बने हैं, बल्कि वे इस सदी के सबसे युवा मेयर भी होंगे.
जोहरान ममदानी सात साल की उम्र में अपने परिवार के साथ न्यूयॉर्क आए थे. उनके पिता महमूद ममदानी युगांडा के मशहूर लेखक और भारतीय मूल के मार्क्सवादी विद्वान हैं, जबकि उनकी मां मीरा नायर एक जानी-मानी फिल्म निर्माता हैं, जिन्होंने “मॉनसून वेडिंग” और “द नेमसेक” जैसी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित फिल्में बनाई हैं.
पूर्व गवर्नर और रिपब्लिकन उम्मीदवार को हराया
ममदानी ने न्यूयॉर्क के पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो, जो स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में थे, और रिपब्लिकन प्रत्याशी कर्टिस स्लीवा को हराकर जीत हासिल की. चुनाव अभियान के दौरान ममदानी ने न्यूयॉर्क को अधिक समानता, पारदर्शिता और सामाजिक न्याय की दिशा में आगे ले जाने का वादा किया था.
इतिहास में दर्ज हुई जीत
उनकी यह जीत कई मायनों में ऐतिहासिक है. ममदानी न केवल शहर के पहले मुस्लिम मेयर बने हैं, बल्कि वे दक्षिण एशियाई मूल के पहले व्यक्ति और अफ्रीका में जन्मे पहले नेता भी हैं, जिन्होंने न्यूयॉर्क जैसे वैश्विक शहर की कमान संभालने का गौरव प्राप्त किया है.
ममदानी 1 जनवरी को अपने पद की शपथ लेंगे और इसके साथ ही न्यूयॉर्क को नई दिशा देने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी. उनकी जीत ने न केवल अमेरिका की राजनीति में विविधता की नई मिसाल कायम की है, बल्कि भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लिए भी यह एक गर्व का क्षण बन गया है.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





