भारत

यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, युद्ध से नहीं निकलेगा समाधान: पीएम मोदी

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि दुनिया के मौजूदा हालात काफी गंभीर और तनावपूर्ण हैं, ऐसे में सैन्य संघर्ष किसी भी वैश्विक संकट का समाधान नहीं हो सकता। उन्होंने यूक्रेन और पश्चिम एशिया जैसे क्षेत्रों में “स्थिर, टिकाऊ और स्थायी शांति” की जरूरत पर जोर दिया।

ऑस्ट्रिया के चांसलर क्रिश्चियन स्टॉकर के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रिया दोनों इस बात पर सहमत हैं कि युद्ध से समस्याओं का हल नहीं निकलेगा। उन्होंने कहा कि सभी देशों को मिलकर शांति के लिए प्रयास करने चाहिए।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि बदलती वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में सुधार जरूरी है। साथ ही उन्होंने दोहराया कि आतंकवाद को खत्म करना पूरी दुनिया की साझा प्राथमिकता होनी चाहिए। ऑस्ट्रियाई चांसलर का स्वागत करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत उनकी यूरोप के बाहर पहली यात्रा है, जो दोनों देशों के मजबूत होते रिश्तों को दर्शाती है। उन्होंने इस दौरे को खास बताते हुए कहा कि चार दशक से ज्यादा समय बाद कोई ऑस्ट्रियाई चांसलर भारत आया है।

पीएम मोदी ने भारत और यूरोप के बीच बढ़ते संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत-यूरोपीय संघ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से सहयोग का नया अध्याय शुरू हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस दौरे से दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी और मजबूत होगी।

चार दिन के आधिकारिक दौरे पर भारत आए चांसलर स्टॉकर इस दौरान कई अहम बैठकों में हिस्सा ले रहे हैं, जहां द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने और क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button