नेपाल में हिंसा थमी, हालात सामान्य होने की ओर

नेपाल की राजधानी काठमांडू में दो दिन की हिंसक झड़पों और प्रदर्शनों के बाद बुधवार (10 सितंबर 2025) को हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे। इन प्रदर्शनों में अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है। सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए अब नेपाल आर्मी को तैनात किया गया है और राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में सेना गश्त कर रही है।
बीते दो दिनों में सोशल मीडिया बैन के खिलाफ शुरू हुए छात्रों के “Gen Z” आंदोलन ने बड़ा रूप ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने सरकारी इमारतों पर धावा बोला और सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार व आम जनता की अनदेखी के आरोपों को लेकर आवाज़ उठाई।
भारत सरकार ने नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। सरकार ने भारतीयों से अपील की है कि वे घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित रहें। इसी बीच कई भारतीय एयरलाइंस ने काठमांडू के लिए अपनी उड़ानें रोक दी हैं। हालांकि, फंसे यात्रियों के लिए एयर इंडिया दिल्ली से काठमांडू के बीच विशेष उड़ानें संचालित करेगी।
पश्चिम बंगाल से नेपाल घूमने गए पर्यटकों की मदद के लिए राज्य पुलिस ने भी एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। यह हेल्पलाइन दार्जिलिंग ज़िले के पानीटंकी और पशुपति चेक-पोस्ट्स के रास्ते भारत लौटने में फंसे यात्रियों को सहयोग करेगी।
हेल्पलाइन नंबर:
मोबाइल/व्हाट्सएप: 9147889078
लैंडलाइन: 0354-2252057
यह हेल्पलाइन व्हाट्सएप और वॉयस कॉल दोनों पर सक्रिय है और यात्रियों को डॉक्यूमेंटेशन, यात्रा समन्वय और आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराएगी।





