भारत पर ट्रंप का टैरिफ बम – 25% और बढ़ा शुल्क, कुल टैक्स अब 50%!

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को एक नया एग्जीक्यूटिव ऑर्डर (कार्यकारी आदेश) जारी करते हुए भारत से आने वाले सामानों पर अतिरिक्त 25% शुल्क लगाने का फैसला किया है। इससे अब कुल टैरिफ 50% हो जाएगा। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि यह कदम भारत द्वारा रूस से तेल खरीद जारी रखने के चलते उठाया गया है। व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान में ट्रंप ने कहा, “भारत चाहे सीधे या परोक्ष रूप से रूसी तेल खरीद रहा है। ऐसे में जरूरी है कि भारत से आने वाले सामानों पर अतिरिक्त शुल्क लगाया जाए।”
ट्रंप ने आगे यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई भी विदेशी देश इस फैसले के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करता है, तो अमेरिका अपने आदेश में बदलाव कर सकता है ताकि उसका असर बना रहे। नई टैरिफ नीति के तहत यह अतिरिक्त 25% शुल्क अमेरिका में प्रवेश करने वाले भारतीय उत्पादों पर लागू होगा। यह शुल्क आदेश जारी होने के 21 दिन बाद से प्रभावी हो जाएगा, लेकिन जो सामान पहले से रास्ते में है, उस पर यह लागू नहीं होगा।
यह आदेश भारत से आने वाले सभी उत्पादों पर लागू होगा, जब तक कि वे किसी विशेष छूट या ट्रांजिट नियम के तहत न हों। यह फैसला ट्रंप के उस बयान के एक दिन बाद आया है जिसमें उन्होंने भारत पर व्यापार को लेकर नाराजगी जताई थी। मंगलवार को उन्होंने कहा था कि भारत “अच्छा ट्रेडिंग पार्टनर नहीं है” और अगले 24 घंटों में टैरिफ में “बहुत भारी बढ़ोतरी” की चेतावनी दी थी।
अमेरिका के इस फैसले से भारत-अमेरिका के व्यापारिक रिश्तों में नया तनाव आ सकता है। अब यह देखना होगा कि भारत इस पर क्या प्रतिक्रिया देता है और क्या दोनों देशों के बीच बातचीत से कोई समाधान निकल पाता है।





