Hindi Newsportal

‘Squid Game 3’ का इंतजार खत्म, 27 जून को नेटफ्लिक्स पर होगा धमाकेदार प्रीमियर

31

दुनियाभर में लोकप्रियता हासिल कर चुकी कोरियन वेब सीरीज ‘Squid Game’ एक बार फिर दर्शकों के बीच लौट रही है। इस सीरीज का तीसरा और आखिरी सीजन 27 जून 2025 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित सीजन को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

नेटफ्लिक्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि ‘स्क्विड गेम सीजन 3’ 27 जून को दुनियाभर में रिलीज किया जाएगा। भारत में यह शो दोपहर 12:30 बजे से स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगा। खास बात यह है कि सीजन के सभी 6 एपिसोड एक साथ ओटीटी पर लॉन्च किए जाएंगे।

तीसरे सीजन की शुरुआत वहीं से होती है जहां दूसरा सीजन खत्म हुआ था। मुख्य किरदार गी-हुन, यानी प्लेयर 456, इस बार बदले की भावना के साथ गेम में लौटता है। उसका उद्देश्य इस जानलेवा खेल को हमेशा के लिए खत्म करना है। हालांकि, इस बार गेम पहले से ज्यादा खतरनाक और जटिल हो चुका है। फिनाले में गी-हुन को अपने करीबी दोस्त की मौत का गवाह बनना पड़ता है, जो उसे भीतर तक झकझोर देता है। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती, बल्कि और भी ज्यादा रहस्यमय और रोमांचक मोड़ लेती है।

ली जंग-जे एक बार फिर गी-हुन के रोल में नजर आएंगे, जबकि ली ब्युंग-हुन फ्रंट मैन के किरदार में वापसी कर रहे हैं। इसके अलावा इस बार सीरीज में कई नए कलाकार भी जुड़ रहे हैं। इनमें कांग हा-न्यूल (डे-हो), पार्क ग्यू-यंग (नो-ईल), यांग डोंग-ग्यून (योंग-सिक) और जो यूरी (जुन-ही) प्रमुख हैं।

‘स्क्विड गेम 3’ न केवल एक सर्वाइवल गेम है, बल्कि यह इंसान की जिद और सिस्टम के खिलाफ उसके संघर्ष की कहानी भी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या गी-हुन इस बार इस हिंसक और क्रूर सिस्टम को तोड़ पाएगा या फिर वह खुद इसका हिस्सा बन जाएगा।

गौरतलब है कि यह सीजन इस सीरीज का अंतिम अध्याय है, इसलिए इस बार कहानी को एक निर्णायक अंजाम मिलेगा। दर्शकों को अब यह जानने का बेसब्री से इंतजार है कि इस खेल का अंत आखिर किसके पक्ष में होगा।

You might also like

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.